मशहूर सिंगर और रैपर हनी सिंह को 10 साल पुराने विवादित गाने के मामले में राहत मिली है। दरअसल ‘मैं हूं बलात्कारी’ गाने को लेकर बवाल हुआ था और एफआईआर भी दर्ज हुई थी। मगर अब राज्य सरकार ने सिंगर के खिलाफ इस FIR को रद्द करने का फैसला लिया है। कुछ समय पहले सिंगर व रैपर ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था।
‘मैं हूं बलात्कारी’ गाने को लेकर नवांशहर में हनी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। गाने के विवादित बोल के चलते ये बवाल हुआ था। जिसके बाद हनी सिंह ने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया था। अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा था। कोर्ट का कहना था कि अगर कार्रवाई करनी है तो सात दिन के अंदर नोटिस दें।
गाने को लेकर कोर्ट ने क्या कहा
कोर्ट को जवाब में पंजाब सरकार ने कहा कि उन्होंने इस मामले को रद्द करने के लिए रिपोर्ट तैयार कर ली है। वह जल्द ही निष्कर्ष पर पहुंचेंगे। इसका मतलब ये हुआ कि हनी सिंह को इस केस में राहत मिलने वाली है।
किसने किया था हनी सिंह के खिलाफ केस
‘मैं हूं बलात्कारी’ गाने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। उन्होंने हनी सिंह पर अश्लीलता फैलाने और बोल को लेकर शिकायत की थी। हैरानी की बात ये है कि ये केस पिछले दस साल से लटका था। ऐसे में हनी सिंह ने कोर्ट का रुख किया था कि उनके खिलाफ एफआईआर रद्द की जाए।
गाने के बोल पर हनी सिंह की सफाई
‘मैं हूं बलात्कारी’ के गाने को लेकर हनी सिंह ने याचिका में कहा था कि ये गाना वास्तव में उन्होंने गाया ही नहीं है, बल्कि फर्जी अकाउंट से ये गीत गाया गया था और फिर पब्लिश हुआ था। ऐसे में उन्होंने कोर्ट से इसे एफआईआर को कैंसिल करने की मांग की थी।
हैरानी की बात ये भी है…
हनी सिंह के इस तर्क पर कोर्ट ने फॉरेंसिक जांच की बात कही थी ताकि सच सामने आ सके कि सिंगर की बात में कितना दम है। क्या वह सच कह रहे हैं या फिर नहीं। वहीं पंजाब सरकार की ओर से कहा गया था कि चंडीगढ़ फोरेंसिक लैब में रिपोर्ट तैयार की जा रही है। लेकिन रिपोर्ट से पहले बीते दिनों पुलिस ने कैंसिलेशन रिपोर्ट की बात भी कही है।
Compiled: up18 News