चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर अखिलेश यादव बोले- लोकतंत्र को निगल रही है भाजपा, सत्ता का ऐसा वहशीपन देश के लिए बहुत घातक

Politics

लखनऊ। समाजावादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पोस्टर पर लिखा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बहुमत न होते हुए भी जिस प्रकार भाजपा ने अपनी शक्ति का दुरूपयोग करते हुए अधिकारियों को दबाव में लेकर, चुनाव जीतने की धांधली की है।

उन्होंने कहा कि उसका तत्काल संज्ञान सिर्फ़ चुनाव आयोग ही न ले बल्कि संविधान के प्रहरी के रूप में सुप्रीम कोर्ट भी ले और तुंरत इन नतीजों को निरस्त कर अपनी देखरेख में चुनाव करवाकर न्यायसंगत नतीजे घोषित करे।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस लोकतान्त्रिक-अपराध के लिए दोषी लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को निगल रही है। सत्ता का ऐसा वहशीपन देश और देश की जनता के लिए बहुत घातक साबित होगा।

-एजेंसी