मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक के सबसे महत्वाकांक्षी और भव्य प्रोजेक्ट ‘रामायणम्’ ने अपनी पहली आधिकारिक झलक के साथ ही दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। विजनरी निर्माता नमित मल्होत्रा और दिग्गज निर्देशक नितेश तिवारी की इस महागाथा में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर का लुक सामने आया है। उनके चेहरे पर वही चिर-परिचित शांति, तेज और गरिमा दिखाई दे रही है, जिसकी कल्पना सदियों से भारतीय जनमानस करता आया है। इस तेजस्वी अवतार ने रिलीज होते ही डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर हलचल पैदा कर दी है।
पौराणिक कथा और आधुनिक दृष्टिकोण
यह फिल्म केवल एक प्राचीन कथा का दोहराव नहीं है, बल्कि यह त्याग, कर्तव्य और शाश्वत मानवीय मूल्यों को आधुनिक सिनेमाई व्याकरण में पिरोने का एक साहसिक प्रयास है। ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ के जीवन को एक नए नजरिए से पेश करते हुए, निर्देशक नितेश तिवारी ने राम के मानवीय संघर्षों, उनके कठिन निर्णयों और उन फैसलों से उपजे परिणामों की गहराई को छूने की कोशिश की है।
कलाकारों और मेकर्स का विजन
इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को निभाने के अनुभव पर बात करते हुए रणबीर कपूर ने इसे केवल एक एक्टिंग प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक ‘आत्मिक सीख’ और ‘जीवन बदलने वाला अनुभव’ बताया है। वहीं, निर्देशक नितेश तिवारी के अनुसार, ‘रामायणम्’ भावनाओं की पराकाष्ठा और जिम्मेदारी की एक ऐसी कहानी है जिसे विश्व स्तर पर सुनाया जाना जरूरी है।
वैश्विक स्तर की प्रस्तुति
अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और हॉलीवुड स्तर के प्रोडक्शन वैल्यू के साथ तैयार हो रही ‘रामायणम्’ भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर एक नई ऊंचाई देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म न केवल भारतीय दर्शकों को गौरवान्वित करेगी, बल्कि दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों को भारत की समृद्ध विरासत से एक नए अंदाज़ में रूबरू कराएगी।

