नई दिल्ली। चेक बाउंस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे अभिनेता राजपाल यादव ने गुरुवार को तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को उनकी उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने सरेंडर के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी।
शाम 4 बजे पहुंचे जेल
जेल सूत्रों के अनुसार, राजपाल यादव गुरुवार शाम ठीक 4 बजे तिहाड़ जेल परिसर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष खुद को सौंप दिया। जेल प्रशासन अब उनके लिए निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करेगा, जिसमें उनकी औपचारिक एंट्री, मेडिकल जांच और बैरक अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी निर्देशित फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। इस रकम को चुकाने के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए थे, जिसके बाद मामला अदालत में पहुंचा। लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें सजा सुनाई गई थी। कोर्ट ने कल साफ कर दिया था कि वे अब और रियायत के हकदार नहीं हैं और उन्हें तुरंत जेल अधिकारियों के सामने पेश होना होगा।

