लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब व्यक्तिगत टिप्पणियों तक जा पहुंचा है। सुभासपा (SBSP) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बदले हुए ‘लुक’ को लेकर उन पर सीधा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश यादव के बढ़े हुए बालों को ‘सियासी टोटका’ करार देते हुए कहा कि चुनाव जनता का दिल जीतकर जीते जाते हैं, अंधविश्वास या टोटकों के सहारे नहीं।
”किसके कहने पर बढ़ाए बाल?”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी भड़ास निकालते हुए राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव चुनाव जीतने के लिए हर संभव जतन कर रहे हैं, यहाँ तक कि अब वे टोटकों का सहारा भी ले रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि अखिलेश जी ने अपने बाल किसी पंडित या ज्योतिषी की सलाह पर बढ़ाए हैं या फिर किसी मौलाना के कहने पर?
राजभर ने कटाक्ष किया कि इसकी सच्चाई या तो खुद अखिलेश बता सकते हैं या फिर उनके करीबी नेता माता प्रसाद पांडेय और सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, जिनसे आजकल उनकी निजी गुफ्तगू बढ़ गई है।
आजम खान और कव्वालों का जिक्र
राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने आजम खान का जिक्र करते हुए लिखा कि कम से कम आजम खान तो उन्हें “कव्वालों” जैसे बाल बढ़ाने की सलाह नहीं देंगे। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश ने पिछले कई महीनों से आजम खान की सलाह पर अमल करना छोड़ दिया है।
राजभर ने अखिलेश की तुलना उनके पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव से करते हुए कहा कि वे दोनों नेता जमीन पर पसीना बहाकर और माटी से जुड़कर नेता बने थे, लेकिन अखिलेश अब टोटकों के जरिए नेता बनने की फिराक में हैं।
बढ़ता सियासी पारा
यूपी विधानसभा चुनाव के करीब आते ही राजभर का यह हमला यह बताने के लिए काफी है कि आने वाले दिनों में जंग और भी दिलचस्प होने वाली है। राजभर ने स्पष्ट किया कि टोटके और अंधविश्वास लोकतंत्र में काम नहीं आते।
फिलहाल इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है, लेकिन सियासी गलियारों में अखिलेश के ‘न्यू लुक’ पर राजभर की यह टिप्पणी चर्चा का विषय बनी हुई है।


