राजस्थान के बीकानेर में हथियार रखने के डिपो पर तैनात भारतीय सेना के एक जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गाेली मार ली। साथी जवान उसे पीबीएम अस्पताल भी लेकर पहुंचे, लेकिन वो दम तोड़ चुका था। घटना कैंट एरिया की है। जानकारी मिलने पर बीछवाल पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
बीकानेर में गोली मारकर आत्महत्या करने वाला जवान लक्ष्मण सिंह उत्तराखंड का रहना वाला था। वो बीछवाल थाना क्षेत्र में कैंट एरिया में हथियार रखने के डिपो (आयुध डिपो) पर तैनात था। शुरुआती जांच में सामने आया कि जवान तनाव में था। जवान लक्ष्मण सिंह ने सुबह 4:00 बजे अपनी ड्यूटी के दौरान ही खुद को गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुनने के बाद साथी जवान दौड़कर उसके पास पहुंचे। तब तक वो अचेत हो चुका था। सेना ने बीछवाल पुलिस थाने को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे पीबीएम अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
बीछवाल थानाधिकारी महेंद्र दत्त मोके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। उसके पास से पुलिस को किसी तरह का सुसाइड नोट अब तक नहीं मिला है। जवान बीकानेर में अकेला रहता था। सेना की ओर से परिजनों को सूचना दे दी गई है। जो बीकानेर के लिए रवाना हो गए हैं। मृतक जवान ने किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं लिखा है। बीकानेर पुलिस ने इस बारे में सैन्य अधिकारियों से भी जानकारी ली है।