भारत जोड़ो यात्रा का शनिवार को 31वां दिन है। राहुल गांधी के नेतृत्व में शनिवार को यह यात्रा तुमकुरू के मायासांद्र से शुरू हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। वहीं राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के 31वें दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मैं अपना कोई विचार नहीं रखना चाहता। दोनों उम्मीदवार अपनी क्षमता से चुनाव लड़ रहे हैं।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरएसएस और वीर सावरकर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मेरी समझ में आरएसएस अंग्रेजों की मदद कर रहा था और सावरकर को अंग्रेजों से स्टाइपेंड मिल रहा था। स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा कहीं नहीं थी। भाजपा ऐसे तथ्यों को छिपा नहीं सकती। कांग्रेस और उसके नेताओं ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी।”
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हम फासीवादी पार्टी नहीं हैं। हम एक ऐसी पार्टी हैं जो बातचीत में विश्वास करती है और हम विभिन्न दृष्टिकोणों का स्वागत करते हैं। हम जानते हैं कि चुनाव जीतने के लिए हमें एक टीम के रूप में काम करना होगा। देश में नफरत और हिंसा फैलाना राष्ट्र विरोधी कृत्य है। हम नफरत और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति से लड़ेंगे। हमारा संविधान कहता है कि भारत राज्यों का एक संघ है। इसका मतलब है कि हमारी सभी भाषाओं, राज्यों और परंपराओं का समान रूप से महत्वपूर्ण स्थान है। यही हमारे देश का स्वभाव है।”
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि मैं अभी इस पर कुछ नहीं कहना चाहता। वहीं भाजपा के रिमोट कंट्रोल अध्यक्ष वाले आरोपों पर राहुल गांधी ने कहा, “कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव के लिए लड़ने वाले दोनों उम्मीदवारों की अपनी स्थिति के साथ-साथ अपने-अपने दृष्टिकोण भी हैं। किसी को भी ‘रिमोट कंट्रोल’ कहना दोनों का अपमान है।”
कर्नाटक चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस आने वाला चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि मेरे अनुभव में लोग भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी दर से थक चुके हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं हमेशा एक निश्चित विचार के लिए खड़ा रहा हूं,जो भाजपा और आरएसएस को परेशान करता है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ मीडिया का पैसा और ऊर्जा मुझे इस तरह का आकार देने के लिए खर्च किया गया जो असत्य और गलत है।
-एजेंसी