पृथ्वी शॉ ने रणजी ट्रॉफी करियर में अपना पहला तिहरा शतक जड़ा

SPORTS

पृथ्वी का स्कोर रणजी ट्रॉफी में किसी ओपनर का सबसे बड़ा स्कोर भी है। उन्होंने त्रिपुरा के समित गोहेल का रिकॉर्ड तोड़ा। गोहेल ने 2016 में 359 रन की नाबाद पारी खेली थी।

326 गेंदों में जड़ा तिहरा शतक, सिर्फ 4 छक्के लगाए

मुंबई और असम के बीच गुवाहाटी में रणजी ट्रॉफी के राउंड-5 का मैच खेला जा रहा है। पहले दिन मंगलवार को मुंबई ने पहले बैटिंग करते हुए 2 विकेट पर 397 रन बनाए। पृथ्वी तब 240 के स्कोर पर नाबाद थे। बुधवार को पहले सेशन में ही उन्होंने 326 गेंदों पर अपना तिहरा शतक पूरा किया। वह 379 रन बनाकर आउट हुए। इस पारी में उन्होंने 49 चौके और 4 छक्के लगाए।

रणजी ट्रॉफी में यह उनका बेस्ट स्कोर भी है। इससे पहले उन्होंने 2019-20 के रणजी सीजन में बड़ौदा के खिलाफ 202 रन बनाए थे। मुंबई ने दूसरे सेशन तक 127 ओवर में 3 विकेट पर 608 रन बना लिए हैं। उनके कप्तान अजिंक्य रहाणे शतक बनाकर सरफराज खान के साथ खेल रहे हैं।

संजय मांजरेकर का 33 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

इस पारी के साथ ही पृथ्वी ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। उनसे पहले 1990-91 के सीजन में संजय मांजरेकर ने मुंबई के लिए हैदराबाद के खिलाफ 377 रन की पारी खेली थी।

Compiled: up18 News