पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म स्थली बटेश्वर धाम को विकसित करना है प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह

Politics

आगरा: योगी सरकार 2.0 में मैनपुरी सदर विधानसभा सीट से जीते ठाकुर जयवीर सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उन्हें पर्यटन एवं संस्कृत विभाग की जिम्मेदारी मिली है। मंत्री बनने के बाद पहली बार क्षेत्र में जा रहे कैबिनेट मिनिस्टर जयवीर सिंह का आगरा कुबेरपुर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत सत्कार किया। महानगर व जिले के साथ ब्रज क्षेत्र के भी कई बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने कहा कि ‘भारतीय संस्कृति व राष्ट्रवाद के एजेंडे को लागू कराना है। जिस तरह से मोदी और योगी जी ने पूर्वांचल से लेकर पश्चिमांचल शक भारतीय संस्कृति का परचम लहराया है। उन्हीं के एजेंडे को आधुनिक तकनीक के साथ लागू करना है जिससे बाहर से आने वाले पर्यटक भी भारतीय संस्कृति और भारतीय राष्ट्रवाद से रूबरू हो सकें।

जयवीर सिंह ने कहा कि मंत्री बनने के बाद पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्य शुरू कर दिए हैं। उनकी प्राथमिकता बटेश्वर धाम को पर्यटन के रूप में विकसित करना है क्योंकि यह देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जन्म स्थली भी है। इसके लिए टीम दौरा कर चुकी है और एक टीम हमारे साथ भी है। टीम को निर्देशित किया है कि एक बटेश्वर धाम जिसमें मंदिरों की श्रृंखला है, उज्जैन समाज का भी धार्मिक स्थल है। इन सभी को लेकर एक बड़ी परियोजना व प्रोजेक्ट तैयार करें जिससे बटेश्वर धाम यानी अटल बिहारी वाजपेई की जन्म स्थली का विकास हो सके।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बटेश्वर में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। यहां पर विकास और पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करके पर्यटन नगरी के रूप में डवलप किया जा सकता है जिससे आगरा का पर्यटन लगातार बढ़ता चला जाए।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का कहना था कि उत्तर प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है ताकि देसी विदेशी पर्यटक यहां से संतुष्ट होकर वापस जाए और दोबारा आये। उनका कहना है कि इन 5 सालों में उत्तर प्रदेश को पर्यटन और भारतीय संस्कृति का हब बनाना है जिससे उत्तर प्रदेश भारतीय संस्कृति में पूरे देश में नंबर वन बन सके। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार का किसी से भी मुकाबला नहीं है बल्कि योगी सरकार 1 और योगी सरकार 2 के बीच है। पिछली सरकार की अपेक्षा इस बाहर जिम्मेदारियां भी बहुत है और पिछली बार की अपेक्षा इस बार काम भी दुगना करना है। प्रदेश की जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। सीएम योगी ने जो उन्हें विभाग दिया है उसमें बेहतर से बेहतर काम करेंगे।