आगरा: विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूर्ण, बारिश में भीगते हुए रवाना हो रही पोलिंग पार्टियां

City/ state

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आज सभी जगह पोलिंग पार्टियां रवाना होने लग गई हैं, लेकिन बारिश के मौसम ने चुनाव में दखल दे दी। आगरा जिले में पहली बार पांच जगह से पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही हैं। जिले में 3911 बूथों पर 25 हजार कार्मिक मतदान कराएंगे। पूरी सुरक्षा के बीच इन्हें रवाना किया जा रहा है।

आगरा में बुधवार को पोलिंग पार्टियों की रवानगी के पहले मौसम का मिजाज बिगड़ गया। सुबह नौ बजे से बारिश शुरू हो गई। जिले की 9 विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार को मतदान है। मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार खत्म हो गया। आज पोलिंग पार्टियों को निर्धारित स्थलों से मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम, वीवी पैट व अन्य निर्वाचन सामग्री लेकर रवाना होना है। बारिश के कारण सुबह 10 बजे तक बहुत कम संख्या में मतदान कार्मिक भींगते हुए पहुंचे।

आगरा के पांच विधानसभा क्षेत्रों उत्तर, दक्षिण, छावनी, ग्रामीण एवं एत्मादपुर के लिए आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर शाहदरा स्थित मंडी समिति परिसर को पोलिंग पार्टी का रवानगी स्थल बनाया है। यहां से करीब 10 हजार कार्मिकों की रवानगी हो रही है। पीठासीन व मतदान अधिकारी, कर्मचारियों के लिए क्षेत्रवार डी-कोडिंग सेंटर, टेबल व स्ट्रांग रूम बने हैं। पोलिंग पार्टियों के लिए एक हजार से अधिक छोटे व बड़े वाहनों की व्यवस्था की गई है।

देहात के लिए यहां से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

फतेहाबाद, खेरागढ़, फतेहपुर सीकरी में बने मंडी समिति स्थलों से उन विधानसभा क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी, जबकि बाह क्षेत्र के लिए भदरौली स्थित एमआर महाविद्यालय से पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही हैं। एडीएम प्रशासन अजय कुमार सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न होगा। मतदान के बाद रवानगी स्थलों पर बने स्ट्रांग रूम में ही सील ईवीएम मशीन रखीं जाएंगी।