आगरा: वैश्विक स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंकाओं ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। ताजनगरी में रविवार को इस तनाव को समाप्त करने और विश्व शांति की कामना के साथ विशेष दुआ का आयोजन किया गया। हाफिज अरकान उमर के नेतृत्व में नमाज के बाद समाज के हर वर्ग ने एक स्वर में मानवता की रक्षा और अमन-चैन के लिए खुदा की बारगाह में हाथ उठाए।
दुआ में शामिल हुए मासूम और महिलाएं
हिन्दुस्तानी बिरादरी संस्था के अध्यक्ष डॉ. सिराज कुरैशी ने बताया कि यह एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण था जब जंग की विभीषिका को रोकने के लिए न केवल बुजुर्ग और नवयुवक, बल्कि मासूम बच्चे और घरेलू महिलाएं भी दुआ में शामिल हुईं। बच्चों के मासूम चेहरों पर शांति की उम्मीद और हाथों में दुआ का भाव देखकर हर कोई प्रभावित नजर आया।
विभिन्न स्थानों पर हुए शांति आयोजन
इसी कड़ी में कैथ वाली मस्जिद में भी विशेष आयोजन हुआ। यहाँ प्रबंधक जमीतुल कुरैशी के प्रदेश उपाध्यक्ष मो. शरीफ के नेतृत्व में सामूहिक दुआ कराई गई। उपस्थित लोगों का मानना था कि युद्ध केवल विनाश लाता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बातचीत और शांति के माध्यम से ही समाधान निकाला जाना चाहिए।
मानवता की रक्षा का संदेश
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आगरा हमेशा से सुलह-कुल और प्रेम की नगरी रहा है। यहाँ से उठने वाली शांति की यह आवाज विश्व पटल पर एक सकारात्मक संदेश देगी। दुआ में शामिल लोगों ने राष्ट्र की उन्नति और पूरी दुनिया में भाईचारे के वातावरण को मजबूत करने का संकल्प लिया।

