प्रतीक यादव का निधन: सीएम योगी ने अपर्णा यादव के घर पहुंच दी श्रद्धांजलि, ढांढस बंधाया

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति और मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। इस शोक की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवंगत प्रतीक यादव के लखनऊ स्थित आवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: फेफड़ों में जमे थे खून के थक्के

प्रतीक यादव की अचानक हुई मृत्यु को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत का मुख्य कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र का अचानक फेल होना) बताया गया है। इसके अलावा, वह पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म से भी ग्रसित थे, जिसका अर्थ है कि उनके फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जम गए थे। इन थक्कों की वजह से उन्हें सांस लेने में अत्यधिक कठिनाई हुई, जो अंततः हृदय गति रुकने और मृत्यु का कारण बनी।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव लंबे समय से डायबिटीज और ब्लड प्रेशर (BP) की समस्या से जूझ रहे थे। तीन दिन पहले भी फेफड़ों में संक्रमण और सांस फूलने की शिकायत के चलते उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

​राजनीति से दूर, बिजनेस में थे सक्रिय

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव हमेशा से सक्रिय राजनीति की चकाचौंध से दूर रहे। उन्होंने अपना करियर रियल एस्टेट बिजनेस और फिटनेस इंडस्ट्री में बनाया था। हालांकि, उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा में सक्रिय हैं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

​जुटा कुनबा: शोक संवेदनाओं का लगा तांता

​प्रतीक यादव के निधन की सूचना मिलते ही सपा और भाजपा के तमाम दिग्गज नेता अपर्णा यादव के आवास पर जुटने लगे। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत कई अन्य नेता शोक व्यक्त करने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तस्वीर साझा करते हुए परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।