आगरा: ताजनगरी में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिकंदरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 11 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करों की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त कर ली है।
मुखबिर की सूचना पर हीरालाल गार्डन के पास घेराबंदी
घटना 4 मई की है। सिकंदरा पुलिस टीम हीरालाल गार्डन के पास चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि दो युवक बाइक से भारी मात्रा में गांजा लेकर पनवारी अड्डा मार्ग से मथुरा की ओर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी और बताए गए हुलिए के आधार पर बाइक सवारों को रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
ट्रक चालकों से खरीदते थे गांजा, आगरा-मथुरा में सप्लाई
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णपाल सिंह और अरुण (निवासी ग्राम नगर, अछनेरा) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने चौंकाने वाले खुलासे किए। तस्करों ने बताया कि वे मथुरा हाईवे पर रुकने वाले ट्रक चालकों से कम दाम में गांजा खरीदते थे और फिर उसे छोटे-छोटे पैकेट बनाकर आगरा व मथुरा के स्थानीय इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कृष्णपाल सिंह एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, मारपीट और चोरी जैसे करीब 10 गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दूसरे आरोपी अरुण का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड मिला है।
सिकंदरा पुलिस अब उस नेटवर्क की तलाश कर रही है जिससे ये तस्कर गांजा खरीदते थे। पुलिस उन ट्रक चालकों और स्थानीय खरीदारों की कुंडली खंगाल रही है जो इस काले कारोबार में इनके मददगार थे।

