ग्रीस से पीएम मोदी का संदेश: चंद्रयान-3 की सफलता केवल भारत की नहीं, पूरी मानव जाति के लिए है

Exclusive

ग्रीस से सीधे इसरो आएंगे पीएम

दक्षिण अफ्रीका में 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद मोदी एथेंस पहुंचे हैं। बताया गया है कि वह ग्रीस का दौरा पूरा कर सीधे बेंगलुरु आएंगे। वह इसरो के वैज्ञानिकों को चंद्रयान-3 की सफलता पर बधाई देने के लिए कल बेंगलुरु पहुंच सकते हैं। वहां से उनका विशेष विमान दिल्ली लैंड करेगा। चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर चांद पर उतर चुका है और उसके अंदर बैठकर गया रोवर प्रज्ञान इस समय रिसर्च में जुट गया है। जी हां, इसरो ने आज एक वीडियो जारी कर दिखाया कि किस तरह प्रज्ञान लैंडर से बाहर निकला था।

उधर, प्रधानमंत्री एथेंस से स्वदेश रवाना होने से पहले भारतीय समुदाय से बातचीत करेंगे। आज ग्रीस पहुंचने पर भारतीय पीएम की एक झलक पाने के लिए लोग काफी उत्साहित दिखे। कई जगहों पर भारत माता की जय, मोदी-मोदी के नारे गूंजते रहे। बॉलीवुड के गानों ‘चक दे’ और ‘जय हो’ पर भारतीयों ने डांस किया। पीएम ने भी कई लोगों से हाथ मिलाया और बच्चों को दुलार किया।

इससे पहले यूनान की आखिरी उच्चस्तरीय यात्रा सितंबर 1983 में हुई थी, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वहां गई थीं। भारत और यूनान की सभ्यताओं के बीच मजबूत संबंध रहे हैं। ये हाल के वर्षों में समुद्री परिवहन, रक्षा, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग और लोगों के बीच आपसी संबंधों के माध्यम से मजबूत हुए हैं।

Compiled: up18 News