नोएडा: उत्तर प्रदेश के विकास ने शनिवार को उस समय एक नई ऊंचाई छुई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का भव्य लोकार्पण किया। लगभग 25 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म करते हुए पीएम ने इसे ‘विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान’ का प्रतीक बताया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और नोएडा से जुड़े ‘अंधविश्वास’ को लेकर पिछली सरकारों की मानसिकता पर तंज कसा।
पीएम मोदी ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस भव्य एयरपोर्ट से जुड़ गई है। पीएम ने कहा, साथियों यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। पीएम ने कहा कि यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा, किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ एक सामान्य सुविधा नहीं होती। ये एयरपोर्ट प्रगति को भी उड़ान देते हैं। साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। पीएम ने कहा कि अब महानगरों के अलावा देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए होनी चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए भी हवाई यात्रा को आसान बना दिया है।
पीएम मोदी ने कहा, आप सोचिए इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी, लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहली की सरकारों ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा।
पीएम ने कहा कि जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी। शुरू के 2-3 वर्षों में उन्होंने इस पर काम नहीं होने दिया, लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-एनडीए की सरकार बनी और दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी और निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है।
पीएम मोदी ने आगे कहा, यह सभी प्रोजेक्ट पूरा होना डबल इंजन की सरकार का शानदार उदाहरण है। सेमीकंडक्टर फैक्टरी भारत को तकनीकी में आगे बढ़ा रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है और यह हमारा जेवर एयरपोर्ट पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। पीएम ने कहा कि आपने वीडियो में देखा, यह ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जिससे हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है, युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है।
देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। पीएम ने कहा कि भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े।
समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। पीएम ने कहा कि सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था, लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।

