हरदोई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेस-वे का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह मां गंगा सदियों से देश की जीवन रेखा रही हैं, उसी तरह यह आधुनिक एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के विकास की नई ‘लाइफलाइन’ सिद्ध होगा। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत की हस्तरेखा’ करार देते हुए यूपी की जनता को बधाई दी।
विरासत और विकास का संगम
पीएम मोदी ने एक्सप्रेस-वे के नामकरण की सराहना करते हुए कहा, “यूपी सरकार ने इसका नाम मां गंगा के नाम पर रखकर हमारे विजन और विरासत दोनों को सम्मान दिया है। अब वह दौर बीत गया जब घोषणाओं के बाद फाइलें दशकों तक धूल फांकती थीं। आज डबल इंजन की सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय पर लोकार्पण भी।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ छवि से बाहर निकलकर 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में मजबूती से बढ़ रहा है।
सपा पर तीखा प्रहार: ‘विकास और नारी विरोधी’
प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें विकास और नारी शक्ति का विरोधी बताया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस और सपा का नारी विरोधी चेहरा फिर सामने आया है। केंद्र सरकार जब ‘नारी शक्ति वंदन संशोधन’ लेकर आई, जिससे 2029 से महिलाओं को आरक्षण मिलता, तब सपा ने इसके खिलाफ वोट किया।” उन्होंने आगाह किया कि परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति करने वाले दल कभी विकास नहीं कर सकते।
बंगाल और गुजरात का जिक्र
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण के मतदान का जिक्र करते हुए वहां की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दशकों बाद बंगाल में लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं। साथ ही, गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा की 80-85 प्रतिशत जीत का हवाला देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 4 मई के चुनावी नतीजे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई ऊर्जा देंगे।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा मैन्युफैक्चरिंग हब
गंगा एक्सप्रेस-वे न केवल यूपी के दो छोरों को जोड़ेगा, बल्कि एनसीआर (NCR) की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा। पीएम ने कहा कि यूपी की युवा आबादी के पोटेंशियल का इस्तेमाल कर राज्य को ‘मैन्युफैक्चरिंग हब’ बनाया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

