दौसा में पीएम मोदी ने देश को समर्पित किया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड

National

आठ लेन वाला दुनिया का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे

दिल्ली से दौसा तक 246 किलोमीटर लंबा दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड शुरू होने से देश की राजधानी दिल्ली से राजस्थान की राजधानी जयपुर का सफर पांच घंटे से घटकर साढ़े तीन घंटे में पूरा हो जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है। आंकड़ों के मुताबिक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे आठ लेन वाला दुनिया का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे बन जाएगा। जरूरत पड़ने पर इस एक्सप्रेस-वे को 12 लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा।

दिल्ली-मुंबई की दूरी 12 फीसदी और वक्त 50 फीसदी घटेगा

कुल 12,150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का पहला खंड यानी दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड से राजस्थान के कई जिलों को बड़ा फायदा पहुंचेगा। इससे राजस्थान के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा होने से दिल्ली और मुंबई के बीच की यात्रा दूरी में 12 फीसदी की कमी आएगी। साथ ही सड़क मार्ग से लगने वाले समय में भी 50 फीसदी की कमी आने का अनुमान है। मौजूदा समय में दिल्ली से मुंबई एक तरफ आने-जाने में 24 घंटे लग जाते हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तैयार हो जाने के बाद यह आधा यानी करीब 12 घंटे तक हो जाएगा।

इन राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे पीएम मोदी

राजस्थान में पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को 247 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं पर 5,940 करोड़ रुपये से अधिक की लागत का अनुमान है। इनमें 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई-जयपुर के बीच 67 किमी लंबा फोर लेन हाईवे बनाया जाएगा। वहं, कोटपुतली से बाराओदानियो के बीच 3,775 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा लालसोट-करौली के बीच 150 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन के पक्के किनारे वाली सड़क भी बनाई जाएगी।

Compiled: up18 News