‘नए भारत’ के निर्माता और सेवा व समर्पण का प्रतीक हैं PM मोदी: अमित शाह

Politics

देश के 15वें प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर, 1950 को जन्म हुआ था।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘गरीब कल्याण, सुशासन, विकास, राष्ट्र सुरक्षा एवं ऐतिहासिक सुधारों के समांतर समन्वय से नरेंद्र मोदी ने मां भारती को पुन: सर्वोच्च स्थान पर आसीन करने के अपने संकल्प को धरातल पर चरितार्थ किया है।’’

उन्होंने कहा कि यह मोदी के निर्णायक नेतृत्व और उस नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास के कारण ही सम्भव हो पाया है।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘एक सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर नए भारत के निर्माता नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है।

आजादी के बाद पहली बार करोड़ों गरीबों को उनका अधिकार देकर मोदी ने उनमें आशा और विश्वास का भाव जगाया है। देश का हर वर्ग आज चट्टान की तरह मोदी के साथ खड़ा है।’’

शाह ने कहा कि मोदी भारतीय संस्कृति के संवाहक हैं, जिन्होंने देश को अपनी मूल जड़ों से जोड़कर हर क्षेत्र में आगे ले जाने का काम किया है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मोदी की दूरदर्शिता एवं उनके नेतृत्व में नया भारत एक विश्वशक्ति बनकर उभरा है। मोदी ने वैश्विक नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है, जिसका पूरी दुनिया सम्मान करती है।’’

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘देश के सर्वप्रिय नेता एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देता हूं और ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने भारत प्रथम की अपनी सोच एवं गरीब कल्याण के संकल्प से असंभव कार्यों को संभव करके दिखाया है।’’

मोदी ने 26 मई, 2014 को देश के प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ग्रहण की थी। प्रधानमंत्री के रूप में उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई, 2019 को आरंभ हुआ था।

वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनका जन्म स्वतंत्रता के बाद हुआ है। मोदी अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। वह गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले नेता हैं।

-एजेंसी