संसदीय मर्यादा का अपमान! पीयूष गोयल का आरोप- ‘सुनियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे राहुल गांधी’

National

नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया है। पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर संसदीय चर्चा से भाग रही है और राहुल गांधी एक ‘विफल’ नेता प्रतिपक्ष साबित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के अपने गठबंधन (I.N.D.I.A.) में ही दरार आ चुकी है।

‘स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव लाए, अब चर्चा से डर रहे’

​केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस खुद ही डिबेट से भाग रही है। उन्होंने बताया, “कांग्रेस के आग्रह पर ही नोटिस स्वीकार (Admit) किया गया था। स्पीकर के खिलाफ ‘अविश्वास प्रस्ताव’ (No-Confidence Motion) को नियमानुसार दुरुस्त कर आज की तारीख चर्चा के लिए तय की गई थी। लेकिन जब डिबेट का समय आया, तो कांग्रेस पीछे हट गई।”

​राहुल गांधी पर ‘संसद बाधित’ करने का आरोप

पीयूष गोयल ने राहुल गांधी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब से वे नेता प्रतिपक्ष बने हैं, उनका उद्देश्य संसद चलाना नहीं बल्कि उसे बाधित करना रहा है। गोयल ने कहा, “वे पहले से ही योजना बनाकर आते हैं कि तख्तियां (Placards) लानी हैं, शोर मचाना है और बेबुनियाद विषयों पर संसद का कीमती समय खराब करना है। उन्हें न तो संसदीय प्रक्रिया की समझ है और न ही संविधान का सम्मान।”

​विपक्षी गठबंधन में फूट का दावा

​बीजेपी सांसद ने इंडिया गठबंधन में टूट का दावा करते हुए कहा कि राहुल गांधी के मित्र दल भी अब उनकी कार्यप्रणाली से ऊब चुके हैं। गोयल ने कहा, “कांग्रेस को अच्छी तरह पता है कि पूरे सदन का विश्वास स्पीकर के साथ है। यही वजह है कि डीएमके (DMK) और टीएमसी (TMC) जैसे दलों ने आज की डिबेट में कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। गठबंधन में भारी तोड़-फोड़ है और कोई भी कांग्रेस के इस निराधार मोशन का समर्थन करने को तैयार नहीं है।”

​पीयूष गोयल ने अंत में दोहराया कि एक मोशन एडमिट होने के बाद दूसरा मोशन लाना केवल आज की चर्चा से बचने का एक बहाना है, जो राहुल गांधी की अपरिपक्व राजनीति को दर्शाता है।