एसडीएम बाह ने 21 अक्टूबर तक पुल चालू कराने का दिया आश्वासन, व्यापारियों से मांगा सात दिन का समय
पिनाहट। चंबल नदी पर पैंटून पुल चालू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को पिनाहट कस्बे के व्यापारियों ने बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। मानवाधिकार सहायता संघ के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा और व्यापार मंडल के मंडल अध्यक्ष मोनू वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेश पाल गिरी को उपजिलाधिकारी बाह के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पांच दिन के भीतर पैंटून पुल का संचालन शुरू कराने की मांग की गई। साथ ही निर्धारित समय में पुल चालू नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
व्यापारियों का कहना है कि पैंटून पुल शुरू नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से पुल का संचालन बंद होने के कारण व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इसी समस्या को लेकर व्यापारियों ने बाजार बंद कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग उठाई।
21 अक्टूबर तक पुल चालू कराने का आश्वासन
वहीं, इस मामले में उपजिलाधिकारी बाह विनोद कुमार ने बताया कि 21 अक्टूबर तक हर हाल में पैंटून पुल का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से सात दिन का समय मांगा और धैर्य बनाए रखने के साथ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन व्यापारियों की नजर अब तय समयसीमा पर टिकी हुई है।
रिपोर्टर- सुमित शुक्ला पिनाहट
