आगरा: MG रोड़ पर निकली तिरंगा पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत

Regional

आगरा। हज़ारों हाथों में देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा थामे लोग जब एम जी रोड़ पर एकसाथ कदमताल करते हुए निकले तो ऐसा लगा मानो पूरा शहर आज ही आजादी का दिवस मनाने निकल आया हो। मौका था आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा निकाली गयी तिरंगा पदयात्रा का। महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में सेंट जोंस चौराहा से दीवानी चौराहा होते हुए नगर निगम प्रांगण तक यह तिरंगा पदयात्रा निकाली गयी। यात्रा में पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक डॉ जी एस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

देशभक्ति गीतों की धूम के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों में एक अलग ही जोश दिखाई दे रहा था। तिरंगा यात्रा में तमाम जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी, पार्षदों और उनके साथ आये समर्थकों का समूह, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, एनसीसी कैडेट्स और प्रबुद्धजनों के अलावा सैकड़ों की संख्या में ऐसे युवा भी शामिल हुए जिनमें तिरंगा और अपने देश के प्रति सम्मान की भावना थी।

तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोग जोर-शोर से देश भक्ति के नारे लगा रहे थे। पूरा एमजी रोड़ ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज रहा था। जगह-जगह तिरंगा यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से आगरा शहर को पीएम मोदी जी और सीएम योगी जी की प्रेरणा से 13 अगस्त से शुरू होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति भी जागरूक किया गया।

नगर निगम प्रांगण में तिरंगा यात्रा के पहुंचने के बाद महापौर नवीन जैन द्वारा मंचस्थ सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत सम्मान किया गया। इसके बाद उद्बोधन कार्यक्रम शुरू हुआ।

उद्बोधन देते हुए महापौर नवीन जैन ने तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत इस तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। वास्तव में मोदी सरकार में सही मायने में देश की आजादी का जश्न मना रहे हैं और इस देश को आजाद होने में अपना योगदान देने वाले सभी महापुरुषों और वीर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

महापौर नवीन जैन ने कहा कि हमें आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को तो सफल बनाना ही है लेकिन साथ ही इस समाज, शहर और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन भी करना है। महापौर ने कहा कि हम अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाकर, वृक्षारोपण करके, अतिक्रमण न करते हुए और यातायात के नियमों का पालन करते हुए भी राष्ट्र धर्म निभा सकते हैं। हमारी सेना अपनी जान की परवाह न करते हुए देश की सीमा की सुरक्षा कर रही है लेकिन अपने देश, प्रदेश और शहर के अंदर रहकर हम किस तरह से समाज व राष्ट्र की सेवा कर सकते हैं इसे हमें ध्यान रखना चाहिए।

विधायक डॉ. जी एस धर्मेश ने कहा कि जिन लोगों ने भी आजादी के लिए अपना बलिदान दिया आज उन्हें भी याद करने का दिन है। पीएम मोदी ने यह प्रेरणा दी है कि हर घर तिरंगा के अभियान से प्रत्येक देशवासी के मन में राष्ट्र भक्ति की भावना प्रेरित हो। इसी के लिए शहरवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि ये देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान ही है जो आज महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में इतनी लंबी और विशाल पदयात्रा निकली। ये हमारी राष्ट्र भावना को प्रकट करता है। पहले आमजन को तिरंगा फहराने का अधिकार नहीं था। मोदी जी के आने के बाद आम जन को यह अधिकार मिला है। हम इस आजादी के महोत्सव को धूमधाम से मनाए साथ कर्तव्य भी निभाएं। महापुरुषों की प्रतिमा को स्वच्छ रखें। यह हम सभी की जिम्मेदारी कि अपने आस पास क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ियों में घर – घर तिरंगा लगवाएं

महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा कि पीएम मोदी न सिर्फ देश के प्रधानमंत्री बल्कि पूरे विश्व के नेता हैं। आज उन्हीं के प्रेरणा से हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इसी के अंतर्गत महापौर नवीन जैन के नेतृत्व में यह विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली गयी। कल शुक्रवार को बाइक रैली निकाली जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों का एक ही उद्देश्य है कि प्रत्येक घर में तिरंगा लहराए और देश को आजादी दिलाने में जो संघर्ष रहा, जिन लोगों ने अपना बलिदान दिया उन्हें भी हम याद करें।

कार्यक्रम के अंत में महापौर नवीन जैन सभी शहर वासियों से यह अपील की कि आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 12 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे भगवान टॉकीज चौराहा से दो पहिया वाहन रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होकर आजादी के जश्न में शामिल हों।

-up18news