होली पर घर बैठे होंगे श्रीबांकेबिहारी के दीदार: वृंदावन में चप्पे-चप्पे पर लगेंगी LED स्क्रीन, लाइव स्ट्रीमिंग की तैयारी

WORLD

मथुरा। वृंदावन के आराध्य श्रीबांकेबिहारी महाराज के भक्तों के लिए इस होली पर बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रंगोत्सव के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुलभ दर्शन कराने के लिए मंदिर प्रबंधन ने ‘लाइव स्ट्रीमिंग’ की भव्य योजना तैयार की है। अब भक्त न केवल मंदिर के बाहर प्रमुख चौराहों पर लगे स्क्रीन के जरिए, बल्कि घर बैठे भी ठाकुर जी के ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे।

तिराहे-चौराहों पर दिखेगी ठाकुर जी की छवि

श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने नोएडा की एक कार्यदायी संस्था को इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सौंपी है। मंदिर के गेट संख्या 1 और 5, जगमोहन के ऊपर, विद्यापीठ चौराहा और जादौन पार्किंग जैसे प्रमुख स्थलों पर बड़ी-बड़ी LED स्क्रीन लगाई जा रही हैं।

मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि 26 फरवरी (रंगभरनी एकादशी से एक दिन पहले) तक यह व्यवस्था पूरी तरह चालू हो जाएगी। इसके साथ ही मंदिर से फोटो-वीडियो प्रतिबंध वाले बोर्ड भी हटा दिए गए हैं।

26 की रात से वृंदावन में ‘नो एंट्री’

रंगभरनी एकादशी पर भीड़ के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 26 फरवरी की रात 8 बजे से वृंदावन की ओर आने वाले सभी भारी और कॉमर्शियल वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

छटीकरा-वृंदावन मार्ग: मल्टीलेवल पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।

प्रतिबंधित क्षेत्र: कृष्णा विहार गोलचक्कर, पानीघाट तिराहा, सुनरख रोड और परिक्रमा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

डायवर्जन: मसानी चौराहा और गोपाल रेस्टोरेंट से वृंदावन की ओर एंट्री नहीं मिलेगी। एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों को गोकुल बैराज और लक्ष्मीनगर होकर भेजा जाएगा।

आपातकालीन सेवाओं को राहत

सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को किसी भी रूट पर नहीं रोका जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़ और जाम से बचने के लिए लाइव दर्शन की सुविधा का लाभ उठाएं।