ओमप्रकाश राजभर भी हो सकते हैं यूपी की योगी सरकार का हिस्सा

Politics

विभागों पर चल रहा विचार

ओमप्रकाश राजभर ने योगी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान भी कैबिनेट का हिस्सा बने थे। उस समय उन्हें पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री बनाया गया था। 2019 में उन्होंने योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया। पिछले दिनों ओम प्रकाश राजभर ने एनडीए में वापसी की है। इसके बाद उनके योगी कैबिनेट में वापसी की भी चर्चा चल रही है। इसके अलावा जनवरी 2022 तक दारा सिंह चौहान योगी कैबिनेट में वन, पर्यावरण और जूलॉजिकल गार्डन मंत्री के तौर पर काम कर रहे थे।

यूपी चुनाव 2022 से पहले उन्होंने भाजपा छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। घोसी विधानसभा सीट से चुनाव भी जीता। लेकिन, पिछले दिनों उन्होंने इस सीट और सपा से इस्तीफा देकर भाजपा में वापसी कर ली है। ऐसे में माना जा रहा है कि एक बार फिर उन्हें योगी सरकार में जगह मिल सकती है। हालांकि, उनके लोकसभा चुनाव 2024 में मऊ या घोसी से उम्मीदवार बनाए जाने की भी चर्चा चल रही है। इन दोनों नेताओं के विभागों को लेकर मंथन चलने की भी बात कही जा रही है।

यूपी चुनाव में भाजपा को हुआ था नुकसान

यूपी चुनाव 2022 में भाजपा को ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान जैसे ओबीसी नेताओं ने बड़ा नुकसान पहुंचाया था। इन नेताओं के साथ चलने वाला जातीय वोट बैंक पूरी तरह समाजवादी पार्टी की तरफ शिफ्ट हुआ। इसका असर यह हुआ कि आजमगढ़, गाजीपुर, अंबेडकरनगर जैसे जिलों में भाजपा का पत्ता साफ हो गया था। लोकसभा चुनाव में इस प्रकार के वोटों के बंटवारे से बचने के लिए पार्टी ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।

योगी कैबिनेट विस्तार की खबरों को तब अधिक बल मिला, जब बुधवार को ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी गुरुवार को दिल्ली चले गए। मान जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से लेकर योगी कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर आलाकमान से चर्चा करेंगे।

विभागों पर लगाए जा रहे हैं कयास

ओम प्रकाश राजभर की योगी कैबिनेट में वापसी के बाद विभागों के मिलने को लेकर भी कयायों के दौर शुरू हो गए हैं। मिल रहे संकेतों के मुताबिक, राजभर को पंचायती राज विभाग का जिम्मा दिया जा सकता है। इसके अलावा दारा सिंह चौहान की भी योगी कैबिनेट में वापसी हो सकती है। सपा और विधायक पद से इस्तीफे के बाद खाली हुई घोसी सीट से भाजपा उन्हें चुनावी मैदान में उतार सकती है। इन दोनों के अलावा सिद्धार्थनाथ सिंह, श्रीकांत शर्मा, अशोक कटारिया और महेंद्र सिंह को भी योगी कैबिनेट में जगह दिए जाने की चर्चा शुरू हो गई है।

Compiled: up18 News