पैनिक न हों देशवासी! भारत के पास है ईंधन का पर्याप्त स्टॉक, पीएम मोदी ने ट्रंप से की ‘होर्मुज स्ट्रेट’ पर बात

National

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में गहराते युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच भारत सरकार ने देशवासियों को बड़ी राहत दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत के पास कच्चे तेल और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए जनता को घबराने या ‘पैनिक बाइंग’ (हड़बड़ाहट में खरीदारी) करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

​पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई 100% रहेगी जारी

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने भरोसा दिलाया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “हमारे पास ईंधन का सुरक्षित भंडार है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू है।सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की 100% आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।”

​सरकार अब पीएनजी के विस्तार पर तेजी से काम कर रही है। आंकड़ों के अनुसार, 2.5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन रजिस्टर हुए हैं और लगभग 2.20 लाख उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट हो चुके हैं।

पीएम मोदी की ट्रंप से बातचीत: समुद्री रास्तों को खुला रखने पर जोर

अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भी भारत सक्रिय है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर लंबी चर्चा की है। दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट के हालातों पर विचार साझा किए। पीएम मोदी ने वैश्विक व्यापार के लिए ‘होर्मुज स्ट्रेट’ जैसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों को खुला रखने और क्षेत्रीय तनाव को कम करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

​भारतीयों की सुरक्षित वापसी जारी

खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को लेकर भी राहत भरी खबर है। अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने बताया कि उड़ानों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। 28 फरवरी से अब तक 4.26 लाख भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं और आज भी 80 उड़ानों के आने की उम्मीद है।