​’निशानची’ का सटीक निशाना: ऐश्वर्य ठाकरे ने जीता बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड, बोले- “ट्रॉफी नहीं, यह बड़ी जिम्मेदारी है”

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग): फिल्मी जगत में अपनी पहली फिल्म के लिए अवॉर्ड जीतना हर कलाकार का सपना होता है। युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता ऐश्वर्य ठाकरे के लिए यह सपना सच साबित हुआ है। हाल ही में आयोजित न्यूज़18 शोशा रील अवॉर्ड्स 2026 में ऐश्वर्य ने फिल्म ‘निशानची’ के लिए ‘बेस्ट डेब्यू मेल’ (जूरी चॉइस) का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है।

दिग्गज जूरी ने माना अभिनय का लोहा

​ऐश्वर्य को यह सम्मान फिल्म जगत के नामचीन जूरी सदस्यों की देखरेख में मिला, जिनमें प्रियदर्शन, अश्विनी अय्यर तिवारी, तन्वी आज़मी, सौरभ सचदेवा, श्रुति महाजन, महिमा चौधरी और तविशी पैटेंडी जैसे दिग्गज शामिल थे। अपनी पहली ही फिल्म में प्रभावशाली अभिनय से ऐश्वर्य ने यह साबित कर दिया कि वे लंबी रेस के घोड़े हैं।

“यह सम्मान एक जिम्मेदारी है”

​ट्रॉफी स्वीकार करते समय ऐश्वर्य के शब्दों में परिपक्वता साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह अवॉर्ड सिर्फ एक सम्मान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। यह मुझे प्रेरित करता है कि मैं और बेहतर काम करूं और दर्शकों तक बेहतरीन कहानियां पहुंचाऊं।” उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निर्देशक अनुराग कश्यप को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में करियर की शुरुआत करना किसी सौभाग्य से कम नहीं है।

सोशल मीडिया पर झलकी खुशी

​अवॉर्ड जीतने के बाद ऐश्वर्य ने सोशल मीडिया पर ट्रॉफी के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपनी टीम और परिवार को धन्यवाद देते हुए लिखा, “The very first. Thank you CNN News18. Thank you to my family on Nishaanchi.” उनकी इस उपलब्धि पर इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों ने उन्हें बधाई दी है।

​शायरी से बांधा समां

​मंच पर अपनी स्पीच के अंत में ऐश्वर्य ने खुद की लिखी कुछ पंक्तियां सुनाईं, जो उनकी मेहनत और हौसले को बयां करती हैं:

“रास्ते मैं अपने बनाऊँगा, गलतियां मेरी अब न बढ़ाऊँगा,
कामयाबी पाने के बाद भी दुनिया सबको सुनाऊँगा।”

फिल्म ‘निशानची’ में वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा और विनीत कुमार सिंह जैसे मंझे हुए कलाकारों के बीच ऐश्वर्य ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इस अवॉर्ड के साथ उन्होंने बॉलीवुड में एक मजबूत दस्तक दे दी है।