आगरा की नवनिर्वाचित मेयर हेमलता दिवाकर ने गिनाईं प्राथमिकताएँ, ‘2 महीने में बदला हुआ नजर आएगा शहर’

स्थानीय समाचार

आगरा की नगर निगम सीट पर एक बार फिर से कमल खिल गया है। यहां से भाजपा प्रत्याशी हेमलता दिवाकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा प्रत्याशी लता वाल्मीकि को लगभग एक लाख से अधिक वोटों से हराया और जीत दर्ज की। निकाय चुनाव में मेयर के परिणाम आने के बाद से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। समर्थकों ने हेमलता दिवाकर को जीत के लिए बधाइयां भी दी। इस दौरान हेमलता दिवाकर पत्रकारों से भी रूबरू हुए। इस नई जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने अपनी प्राथमिकता भी सभी के सामने रखी।

आपको बताते चलें कि आगरा नगर निगम की मेयर सीट पर पिछले तीन दशक से भाजपा का कब्जा है। इस बार से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हेमलता दिवाकर को जीत दिलाई। सातवीं बार आगरा नगर निगम में भाजपा का चुना गया है। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा नगर निगम पर काबिज रहने की परंपरा को जारी रखा है।

नगर निकाय चुनाव के मतगणना जैसे शुरू हुई और परिणाम सामने आए उसने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी बेचैन कर दिया था। क्योंकि बसपा पार्टी ने जीत के साथ खाता खोला था और लगभग 10 राउंड तक बसपा प्रत्याशी ने भाजपा की मेयर प्रत्याशी से लगातार बढ़त बनाई हुई थी। लेकिन 10 राउंड तक मस्त चाल चलने वाला हाथी थक गया। 11वें राउंड के बाद पासा पलटा और कमल धीरे-धीरे खिलने लगा। राउंड समाप्ति के बाद कमल खिला और एक लाख अधिक वोटों से भाजपा मेयर प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

आगरा नगर निकाय चुनाव में जीत दर्ज होने के बाद हेमलता दिवाकर पत्रकारों से रूबरू हुईं। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 2 महीने में आगरा शहर एक बार फिर बदला हुआ नजर आएगा। उनकी प्राथमिकताओं में पुराने प्रोजेक्ट को पूरा करना और नए प्रोजेक्ट को लागू कर आगरा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है।