आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, आगरा के नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सत्र 2026-27 का पदभार ग्रहण कर लिया। चैम्बर सभागार में आयोजित इस गरिमामय समारोह में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में नई टीम ने उद्योग एवं व्यापार को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारिणी सदस्यों के परिचय सत्र से हुई, जिसमें सभी सदस्यों ने अपने नाम, व्यापार और उसकी प्रकृति की जानकारी साझा की। इस दौरान अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे और चैम्बर की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
टीटीजेड पर बनेगी तीन स्तरीय रणनीति
अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने अपने विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि ताज संरक्षित क्षेत्र (टीटीजेड) के कारण उद्योगों पर लगी बंदिशों को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए तीन समितियों का गठन किया जाएगा। एक उच्चतम न्यायालय स्तर पर कार्य करने वाली समिति, दूसरी तकनीकी समिति और तीसरी प्रशासन एवं शासन स्तर पर समन्वय स्थापित करने वाली समिति। उन्होंने इस कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही।
आईटी सिटी और औद्योगिक विकास पर जोर
उन्होंने बताया कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद आगरा को इसका लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर आईटी सिटी और औद्योगिक क्षेत्र विकसित कराने के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी, जिससे प्रदूषण रहित उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही फाउंड्री नगर में फैसिलिटी सेंटर की स्थापना और चैम्बर के नए भवन निर्माण का भी प्रस्ताव रखा गया।
उद्यमियों के लिए सेमिनार और प्रोत्साहन
उद्योगों के आधुनिकीकरण और व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए एजुकेशनल एवं मोटिवेशनल सेमीनार आयोजित किए जाएंगे। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं साझा करें, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि चैम्बर का प्रयास रहेगा कि आगरा की पहचान औद्योगिक शहर के रूप में स्थापित हो। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिला उद्यमिता प्रकोष्ठ के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे।
समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता
उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग ने कहा कि चैम्बर उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगा। वहीं कोषाध्यक्ष विनय मित्तल ने कहा कि अधिकारियों के साथ संवाद स्थापित कर उद्योग और व्यापार के हित में ठोस परिणाम लाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रीमनःकामेश्वर नाथ मंदिर के महंत योगेश पुरी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि संस्था के सदस्य ही पदाधिकारियों की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यकाल उद्योग और शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
पदभार ग्रहण समारोह में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल के साथ पूर्व अध्यक्ष के के पालीवाल, शांति स्वरूप गोयल, सीताराम अग्रवाल, प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, अमर मित्तल, शिव कुमार अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, महेन्द्र कुमार सिंघल, अशोक कुमार गोयल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, संजय गोयल सहित विवेक मित्तल, संजीव कुमार गुप्ता, शलभ गर्ग, राजकुमार भगत, रंजीत सामा, गोमित जैन, नारायन भरानी, विजय कुमार गुप्ता, सुशील बंसल, विजय कुमार जैन, अनूप गोयल, प्रशांत मित्तल, दिनेश कुमार अग्रवाल, केशव दत्त गुप्ता, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, देवेन्द्र गोयल, विकास मित्तल, धर्मगोपाल मित्तल, मयंक कुमार अग्रवाल, अनुज विकल, गिरीश चंद गोयल, राकेश चौहान, नरेन्द्र तनेजा, संजीव अग्रवाल, हरिओम अग्रवाल, संदीप आरोरा, संजय अग्रवाल, विवेक जैन, मनोज कुमार गुप्ता, सुनील सिंघल, अमित जैन, राजेन्द गर्ग, प्रार्थना जालान, राजकिशोर खंडेलवाल, दिनेश कुमार जैन आदि मौजूद रहे।

