नर सेवा ही नारायण सेवा: SNMC आगरा के डॉक्टरों ने 19 बस्तियों में चलाया ‘स्वास्थ्य सेवा’ का महाअभियान, 1750 मरीज लाभान्वित

स्थानीय समाचार

आगरा: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में ताजनगरी के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) के चिकित्सकों और छात्र-छात्राओं ने सेवा की एक नई इबारत लिखी है। प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के नेतृत्व में नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (NMO) द्वारा आयोजित ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ के तहत आगरा की 19 सेवा बस्तियों में चिकित्सा शिविर लगाकर 1750 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया।

19 बस्तियों में पहुँची डॉक्टरों की फौज

सेवा भारती के सहयोग से आयोजित इस अभियान में एसएन मेडिकल कॉलेज के 200 से अधिक डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों ने हिस्सा लिया। आगरा के साथ-साथ यह यात्रा मथुरा, एटा, सैफई, बरेली और शाहजहाँपुर जैसे ब्रज प्रांत के कई जिलों में एक साथ संचालित हुई। आगरा में बस्तियों के भीतर जाकर डॉक्टरों ने न केवल मरीजों की जांच की, बल्कि उन्हें दवाइयां वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया।

​रेफर मरीजों को मिलेगा एसएन में विशेष उपचार

​शिविरों में जिन मरीजों की स्थिति गंभीर पाई गई, उन्हें आगे के इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने आश्वासन दिया है कि कैंपों से आने वाले इन जरूरतमंद मरीजों का कॉलेज में विशेष ध्यान रखा जाएगा और उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

​”स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा” का संकल्प

उद्घाटन कार्यक्रम में आरएसएस के विभाग प्रचारक रोहित जी, पूरन डावर और डॉ. राकेश त्यागी जैसे प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। डॉ. प्रशांत गुप्ता ने युवाओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा, “इस यात्रा का मूल मंत्र ‘स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा’ है। मेडिकल छात्रों का बस्तियों में जाकर काम करना उनके सामाजिक दायित्व को और अधिक मजबूत बनाता है।”

इन्होंने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

​कार्यक्रम की सफलता में सेवा भारती, आरएसएस सेवा विभाग और भवेन्द्र, सुनील, विजय गोयल व विमल जैसे कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। यह अभियान साबित करता है कि जब युवा डॉक्टर किताबी ज्ञान से बाहर निकलकर समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करते हैं, तभी सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण होता है।