नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की सूची जारी कर दी है। इस साल कुल 131 हस्तियों को पद्म सम्मान देने का ऐलान हुआ है। सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं।
सरकार की घोषणा के मुताबिक दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत नेता शिबु सोरेन और प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण दिया जाएगा।
खेल जगत से भी कई नाम शामिल
इस बार खेल क्षेत्र से भी कई चर्चित नाम पद्मश्री के लिए चुने गए हैं। इनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया शामिल हैं।
19 महिलाएं, 16 को मरणोपरांत सम्मान
पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा 6 लोग विदेशी/NRI/PIO/OCI श्रेणी से हैं। इस सूची में 16 हस्तियों को मरणोपरांत सम्मानित किया जा रहा है।
पद्म विभूषण: 5 नामों का ऐलान
सरकार ने बताया कि इस साल पद्म विभूषण के लिए चुनी गई हस्तियों में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज केटी थॉमस और वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता वीएस अच्युतानंदन जैसे नाम शामिल हैं।
पद्म भूषण: शिबु सोरेन और अलका याग्निक समेत 13 नाम
पद्म भूषण की सूची में अलका याग्निक, शिबु सोरेन और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी समेत कुल 13 हस्तियों को शामिल किया गया है।
पद्मश्री: 113 हस्तियां होंगी सम्मानित
पद्मश्री सम्मान के लिए इस साल कुल 113 लोगों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें खेल, समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा और लोककला से जुड़े कई चर्चित और ‘अनसंग हीरोज’ शामिल हैं।
अनसंग हीरोज की कहानियां भी बनीं पहचान
पद्मश्री पाने वालों में कुछ नाम ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और सेवा से अलग पहचान बनाई है।
गफरुद्दीन मेवाती को लोकगायन ‘पांडुन का कड़ा’ में योगदान के लिए चुना गया है।
कर्नाटक के अंके गौड़ा को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी कमाई से किताबें जुटाकर बड़ी लाइब्रेरी खड़ी की।
पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू को समाज सेवा के लिए चुना गया है, जो वर्षों से रोज सुबह सड़कों की सफाई करते हैं।
छत्तीसगढ़ की सामाजिक कार्यकर्ता बुधरी ताती को महिला जागरूकता और समाजसेवा के लिए पद्मश्री दिया जाएगा।
तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं पद्म पुरस्कार
पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। इन्हें पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण की तीन श्रेणियों में दिया जाता है। ये सम्मान कला, खेल, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, विज्ञान, समाज सेवा और सिविल सेवा जैसे क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।

