पटना/नालंदा: बिहार के नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह मची भीषण भगदड़ ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में अब तक 9 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना
एक दिवसीय दौरे पर आज नालंदा पहुँचीं राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने घटना को “अत्यंत दुखद” बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर सुनकर उनका मन व्यथित है। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
PMO से मुआवजे की घोषणा: मृतकों के परिजनों को 2 लाख की मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के आधिकारिक हैंडल से जारी संदेश में कहा गया, “मैं अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।” प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने का ऐलान किया गया है।
CM योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पड़ोसी राज्य बिहार में हुए इस हादसे पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि माँ शीतला देवी के दरबार में श्रद्धालुओं का इस तरह निधन होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।
हादसे की भयावहता: दम घुटने से 9 की गई जान
बता दें कि मंगलवार सुबह शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर मघड़ा स्थित मंदिर में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। अचानक मची भगदड़ में अधिकांश महिलाओं की मौत भीड़ के नीचे दबने और दम घुटने से मौके पर ही हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रशासन ने अब हादसे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और अस्पताल में घायलों की निगरानी की जा रही है।

