मूंछ का मिला इनाम: हेड कांस्टेबल की शानदार घनी मूंछों को देख कायल हुए आगरा एसएसपी, दिया इनाम

स्थानीय समाचार

आगरा की पुलिस लाइन में शुक्रवार सुबह एसएसपी प्रभाकर चौधरी परेड का निरीक्षण करने गए थे। उन्होंने परेड का निरीक्षण करना शुरू कर दिया। आरआई उनके साथ चल रहे थे। पुलिसकर्मियों से बात करते हुए वह आगे बढ़ने लगे। थोड़ा आगे जाकर वह हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह के पास जाकर रुके। उनकी मूंछों को देखा। शानदार मूंछों को देख वह अपने को रोक नहीं पाए। उन्होंने हेड कांस्टेबल से कहा, आपकी मूंछें वाकई बहुत अच्छी हैं।

हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह ने बताया, वह कासगंज के निवासी हैं। दस साल से आगरा में हैं। उन्होंने बताया कि एसएसपी साहब ने मूंछों की प्रशंसा की। इससे वह उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि दो साल पहले की बात है। उनके मन में मूंछों को रखने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने मूंछें रखीं। घनी मूंछों को देख सबने कहा, उनके चेहरे पर यह जंच रही हैं।

उन्होंने बताया कि इसके बाद उनका ​आत्मविश्वास बढ़ा। अब मूंछों को सेट करने में समय नहीं लगता है। अब ये उनकी दिनचर्या में शामिल हो चुका है। पहले जरूर कुछ समय लगता था।

एसएसपी ने दिया पुरस्कार

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने आरआई से उन्हें दो हजार रुपये का पुरस्कार देने को कहा। इसके बाद उन्हें दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया। यह पुरस्कार उन्हें मूंछों के रखरखाव, अच्छी वर्दी और टर्नआउट के लिए दिया गया।