मुंबई: बदलती जीवनशैली और तंबाकू के बढ़ते सेवन के बीच ‘हेड एंड नेक कैंसर’ के बढ़ते मामले अब डराने लगे हैं। इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए मर्क स्पेशियलिटीज प्राइवेट लिमिटेड ने एक अनूठी पहल “टू-मिनट एक्शन फॉर ओरल कैंसर प्रोटेक्शन” (एक्ट अगेंस्ट ओरल कैंसर) शुरू की है। यह अभियान मुंबईवासियों को संदेश दे रहा है कि मात्र दो मिनट का आत्म-परीक्षण आपकी जान बचा सकता है।
ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सेवांती लिमये की खास अपील
इस मुहिम को एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की प्रसिद्ध ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सेवांती लिमये का प्रबल समर्थन मिला है। उन्होंने मुंबई की जनता से अपील करते हुए कहा कि कैंसर से डरने के बजाय सतर्क रहना जरूरी है। डॉ. लिमये ने बीमारी की जल्दी पहचान के लिए “महसूस करें, देखें और कार्रवाई करें” का फॉर्मूला साझा किया है।
इन संकेतों को कभी न करें नजरअंदाज
डॉ. लिमये के अनुसार, अगर आप निम्नलिखित लक्षणों को महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें मुंह में ऐसे छाले जो लंबे समय तक ठीक न हो रहे हों। कुछ भी निगलने या चबाने में लगातार परेशानी होना। आवाज में अचानक या स्थाई बदलाव आना। गर्दन के आसपास बिना दर्द वाली सूजन महसूस होना।
नियमित जांच ही सबसे बड़ा बचाव
यह अभियान न केवल बीमारी के बारे में जानकारी दे रहा है, बल्कि लोगों को यह सिखा रहा है कि ओरल कैंसर कोई लाइलाज बीमारी नहीं है, बशर्ते इसे शुरुआती चरण में ही पकड़ लिया जाए। “दो-मिनट” का यह नियमित आत्म-परीक्षण एक बड़े जोखिम को टालने में सक्षम है।
इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि आपकी जागरूकता ही कैंसर के खिलाफ आपका सबसे मजबूत ढाल है।

