मुंबई कॉमिक कॉन 2026: राज कॉमिक्स ने रचा इतिहास, अब ‘कॉमिक्स’ के पन्नों पर गूँजेगी अनसुने नायकों की शौर्य गाथा

विविध

​मुंबई (अनिल बेदाग):  भारतीय कॉमिक्स जगत के दिग्गज राज कॉमिक्स और भारत आत्मन स्टूडियोज ने मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘मुंबई कॉमिक कॉन 2026’ में एक नई क्रांति का आगाज किया है। नागराज और सुपर कमांडो ध्रुव जैसे काल्पनिक सुपरहीरोज के बाद अब राज कॉमिक्स भारत के उन वास्तविक नायकों और क्रांतिकारियों की कहानियों को सामने ला रहा है, जिन्हें इतिहास के पन्नों में वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।

​पीएम मोदी के चित्र वाला ‘स्पेशल कवर’ बना आकर्षण का केंद्र

इस भव्य लॉन्च का सबसे बड़ा आकर्षण क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी श्यामजी कृष्णा वर्मा के जीवन पर आधारित कॉमिक्स रही। विशेष बात यह है कि इस कॉमिक्स का कवर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चित्र से सुसज्जित है, जो राष्ट्रभक्ति और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सरकार के विजन को दर्शाता है।

सांस्कृतिक मिशन और आधुनिक मनोरंजन का संगम

​राज कॉमिक्स के सह-संस्थापक संजय गुप्ता ने इस पहल के पीछे का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य केवल मनोरंजन नहीं है। हम चाहते हैं कि आज का युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों और उन भूले-बिसरे नायकों से जुड़े, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।”

प्रकाशक वासु गुप्ता ने इसे एक ‘सांस्कृतिक मिशन’ करार देते हुए कहा कि कॉमिक्स एक ऐसा माध्यम है जिससे नई पीढ़ी आसानी से जुड़ती है, और इसके जरिए इतिहास को रोचक तरीके से पेश करना समय की मांग है।

​लेखक विष्णु शर्मा की कलम से निकली ऐतिहासिक श्रृंखला

​प्रसिद्ध लेखक विष्णु शर्मा द्वारा रचित इस श्रृंखला को कॉमिक कॉन में आए प्रशंसकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। कॉमिक्स प्रेमियों का मानना है कि राज कॉमिक्स की यह पहल न केवल भारतीय कॉमिक्स जगत को नई ऊंचाई प्रदान करेगी, बल्कि यह ‘शिक्षा और मनोरंजन’ (Edutainment) का एक बेहतरीन उदाहरण बनेगी।