आगरा: फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र में 23 जनवरी से शुरू होगी सांसद खेल प्रतियोगिताएं, कुश्ती रहेगी मुख्य आकर्षण का केंद्र

Press Release

आगरा: ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक बार फिर फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 23 जनवरी से शुरू होगी और 5 फरवरी को आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में उसका समापन होगा। सांसद खेल प्रतियोगिता की जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने दी।

11 खेलों को किया गया है शामिल

प्रेस वार्ता के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि 23 जनवरी से शुरू हो रही सांसद खेल प्रतियोगिता में 11 खेलों को शामिल किया गया है। इस बार कुश्ती भी होगी। यह कुश्ती 4 और 5 फरवरी को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में ही संपन्न कराई जाएगी। सभी खेल 23 जनवरी से शुरू होंगे। यह सभी खेल ब्लॉक स्तर पर कराए जाएंगे लेकिन उनका समापन 5 फरवरी को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।

खेल विभाग – जिला खेल संघों के नेतृत्व में होंगी प्रतियोगिताएं

प्रेस वार्ता के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि जितनी भी खेल प्रतियोगिताएं सांसद खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत कराई जाएंगी, वह सभी उत्तर प्रदेश खेल विभाग और जिला खेल संघों के नेतृत्व में होंगी। जिला खेल संघों का पूरा सहयोग इस प्रतियोगिताओं में मिलेगा। वही इन प्रतियोगिताओं को अपनी देखरेख में कराएंगे जिससे यह प्रतियोगिताएं निष्पक्ष हो सके और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभा निखर कर सामने आ सके।

ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं देश का करे नाम रोशन

सांसद राजकुमार चाहर का कहना था कि सांसद खेल प्रतियोगिता पिछले वर्ष भी कराई थी। हजारों की संख्या में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। उनमें से बेहतर खिलाड़ी भी निकले थे। इसी उद्देश्य को लेकर एक बार फिर सांसद खेल प्रतियोगिता कराई जा रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्र में जो खेल प्रतिभाएं छुपी है उन्हें एक मंच मिल सके और वह खुल कर अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उनका प्रदर्शन करने के लिए सामने आ सकें। सांसद राजकुमार चाहर का कहना था कि इस प्रतियोगिता को कराए जाने को लेकर उनका उद्देश्य है कि वह संसदीय क्षेत्र से खेल प्रतिभाओं को निकालकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाए। ताकि वे खिलाड़ी प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर खेलों का प्रतिनिधित्व करें।