आगरा: देश एवं विश्व में शांति, सद्भावना और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का तीसरा दिन गुरुवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी (PNC) परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस अनुष्ठान का प्रमुख उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें अधिक ऊर्जा व सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना करना है। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा और विश्व बंधुत्व के सिद्धांतों के माध्यम से विश्व कल्याण की प्रार्थना की जा रही है।
अभिषेक, शांतिधारा और 24 अर्घ्य समर्पण
गुरुवार सुबह पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज और मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन व डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान की प्रतिमाओं का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न कराई गई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई।
विधान के धार्मिक अनुष्ठानों के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में सहभागिता निभाई। उन्होंने परिवारजनों एवं अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर 24 अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने तथा विश्व में सुख-समृद्धि व शांति स्थापित होने की कामना की गई।
”पीएम मोदी का समर्पण प्रेरणास्रोत”: सांसद नवीन जैन
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और प्रगति के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है, और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका संकल्प सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि प्रभु से यही प्रार्थना है कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और देश की सेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति मिलती रहे। उन्होंने आगे कहा कि अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के जैन सिद्धांत मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। आयोजन में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. डी.वी. शर्मा और डॉ. पार्थ सारथी शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने भी समारोह की सराहना की।
“व्यावहारिक परिवर्तन ही सच्ची धर्म साधना”: मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज
अपने मंगल प्रवचन में मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने धार्मिक क्रियाओं के पीछे निहित आध्यात्मिक मर्म को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक क्रियाएं करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके उद्देश्य और सिद्धांतों को समझना जरूरी है। धर्म का सच्चा फल तभी प्राप्त होता है जब श्रद्धा जागृत हो और व्यक्ति के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने कहा कि भौतिक संसाधनों के बावजूद असंतोष बना रह सकता है, जबकि संतोष, संयम और सही दृष्टिकोण से जीवन में वास्तविक आनंद आता है। अपने दैनिक आचरण में धर्म के संदेश को उतारना ही सच्ची साधना है।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, ‘मैना सुंदरी’ नाटक का मंचन
शाम 7 बजे श्रीजी की भव्य मंगल आरती के बाद भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर महिलाएं और युवा श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करने लगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत दिल्ली से आए मयूर जैन द्वारा प्रस्तुत ‘मैना सुंदरी’ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें धार्मिक आस्था, त्याग, तपस्या और दृढ़ विश्वास का प्रभावशाली चित्रण किया गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, भाजपा नेता अनिल सारस्वत, हिमांशु मिश्रा, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हिना जैन, अंकिता जैन, आयुषी जैन, नेहा जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन व शुभम जैन, विभिन्न जैन संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


