मिशन शक्ति: महिला सुरक्षा और संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में आगरा पुलिस का बड़ा कदम, 2 से 6 नवंबर तक आयोजित होगी ‘सोशल बिहेवियर’ कार्यशाला

स्थानीय समाचार

​आगरा। महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ित महिलाओं के प्रति पुलिस महकमे के व्यवहार को अधिक संवेदनशील, सहयोगी व असरदार बनाने के उद्देश्य से आगरा पुलिस एक विशेष पहल करने जा रही है। इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों और थानों के ‘मिशन शक्ति’ केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों के लिए ‘सोशल बिहेवियर’ (सामाजिक व्यवहार) विषय पर पांच दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 से 6 नवंबर 2026 तक पुलिस लाइन स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में संचालित होगा।

इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए आगरा शहर और जनपद के प्रत्येक थाने के मिशन शक्ति केंद्र से दो-दो अधिकारियों व कर्मचारियों की शत-प्रतिशत भागीदारी अनिवार्य की गई है।

​व्यवहार वैज्ञानिक डॉ. नवीन गुप्ता संचालित करेंगे सत्र

​पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली यह कार्यशाला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शुरू होगी। प्रशिक्षण सत्रों का संचालन प्रसिद्ध व्यवहार वैज्ञानिक (बिहेवियरल साइंटिस्ट) डॉ. नवीन गुप्ता द्वारा किया जाएगा।

​कार्यशाला के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों को सामाजिक व्यवहार की बारीकियों, बेहतर संवाद शैली (कम्युनिकेशन स्किल्स), व्यावहारिक संवेदनशीलता और जनसंपर्क के प्रभावी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, थानों में शिकायत लेकर पहुंचने वाली महिलाओं और आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक, सकारात्मक और संवेदी व्यवहार विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा।

​’मिशन शक्ति’ अभियान को व्यवहारिक धरातल पर मजबूत करने की कवायद

​इस पहल का मुख्य ध्येय ‘मिशन शक्ति’ अभियान को केवल काजगी कार्रवाई या कानूनी पैंतरों तक सीमित न रखकर पुलिसकर्मियों की मूल मानसिकता और दैनिक कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से महिला अपराधों से संबंधित संवेदनशील मामलों में पुलिस की व्यवहारिक दक्षता और संवाद क्षमता को निखारा जाएगा, जिससे जिले में महिला सुरक्षा, न्याय प्रणाली और सशक्तीकरण के प्रयासों को अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाया जा सके।