हरियाली के साथ पक्षी संरक्षण का संदेश: लायंस क्लब आगरा प्रयास ने लगाए 100 बोगनविलिया के पौधे, पक्षियों के लिए बांटे दाना-पात्र

विविध

पालीवाल पार्क में पहली सेवा गतिविधि बनी प्रेरणा, वर्षा के बीच भी उत्साह से चला वृक्षारोपण अभियान

आगरा। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से लायंस क्लब आगरा प्रयास ने नए सत्र की अपनी पहली सेवा गतिविधि के तहत पालीवाल पार्क में 100 बोगनविलिया के पौधों का रोपण किया।

इस अवसर पर शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पक्षियों के लिए दाना डालने वाले विशेष बर्तन (बर्ड फीडर) भी वितरित किए गए, ताकि प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचे। वर्षा के बीच भी सदस्यों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सीमा प्रताप सिंह, कमिश्नर आगरा की धर्मपत्नी, ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि डॉ. सीमा प्रताप सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे और पक्षियों व अन्य जीवों के प्रति संवेदनशील बने, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने लायंस क्लब आगरा प्रयास की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में जागरूकता लाने का प्रभावी माध्यम हैं।

क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बोगनविलिया पौधों की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह पौधा कम पानी में भी आसानी से विकसित हो जाता है तथा वर्षभर रंग-बिरंगे फूलों से वातावरण को आकर्षक बनाए रखता है। सड़क किनारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर इसकी उपयोगिता अधिक होती है तथा यह पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल पर भी विशेष बल दिया।

क्लब की अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब आगरा प्रयास समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य करेगा। वृक्षारोपण और पक्षी संरक्षण जैसे अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान क्लब द्वारा पक्षियों के लिए दाना-पात्र भी वितरित किए गए। सदस्यों ने आमजन से अपील की कि विशेषकर गर्मी और वर्षा के मौसम में पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था अवश्य करें, जिससे जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल तथा संस्थापक सचिव विनीत खेरा का विशेष मार्गदर्शन रहा।

इस अवसर पर सचिव आलोक अग्रवाल, रुचि बगला, रूपाली अग्रवाल, पुनीत बगला, गरिमा हेमदेव, राजेश हेमदेव, गरिमा मंगल, शालू अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, नंदिनी अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल, अंजलि अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, रवि अग्रवाल, रीना गर्ग, पंकज गर्ग, संदीप पाटनी, मनीष बंसल, निधि लाल, डॉ. रचना अग्रवाल, मीनाक्षी मोहन, शीनू कोहली, संजीव चंद्र, पद्मिनी सुराना, अल्पना कोचर, तनुजा मंगलिक तथा ईको क्लब के प्रदीप खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।