महज 38 दिन में उजड़ गयी दुनिया: आगरा के ताजगंज में 18 वर्षीय नवविवाहिता ने लगाई फांसी; पति और ससुर हिरासत में

Crime

आगरा। ताजनगरी के थाना ताजगंज क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पुरानी मंडी (बाग खिन्नी महल) इलाके में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने ससुराल में पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जिस हाथों की मेहंदी अभी ठीक से छूटी भी नहीं थी, उन्हीं हाथों ने मौत का फंदा चुन लिया। शादी के मात्र 38 दिन बाद हुई इस संदिग्ध मौत ने पुलिस प्रशासन और समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

​फरवरी में चढ़ी थी डोली, मार्च में उठी अर्थी

मृतका की शादी इसी साल 4 फरवरी को ताजगंज के बाग खिन्नी महल निवासी नितिन के साथ हुई थी। परिजनों ने बड़ी हसरतों के साथ बेटी को विदा किया था, लेकिन किसे पता था कि सवा महीने के भीतर ही उसकी अर्थी उठ जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया।

पिता रमेश चंद का रो-रोकर बुरा हाल है; उनका कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसी क्या स्थिति बनी कि उनकी बेटी को इतना खौफनाक कदम उठाना पड़ा।

पुलिस ने पति और ससुर को लिया हिरासत में

सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की गंभीरता और ‘दहेज मृत्यु’ या ‘घरेलू प्रताड़ना’ की आशंका को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने पति नितिन और ससुर नरेंद्र शर्मा को हिरासत में ले लिया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

​हर पहलू पर पुलिस की नजर

​क्षेत्राधिकारी और थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच में इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि क्या युवती पर किसी तरह का मानसिक दबाव था या ससुराल में कोई विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

​इलाके में पसरा सन्नाटा

​पुरानी मंडी जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। 18 साल की उम्र, जो सपनों को बुनने की होती है, उस उम्र में हुई इस मौत ने सबको झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।