आगरा। वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने फिल्म निर्माता-निर्देशक नीरज पांडेय, अभिनेता मनोज बाजपेयी और अन्य कलाकारों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस कमिश्नर और थाना न्यू आगरा को तहरीर भेजी है।
ब्राह्मण समाज के अपमान का आरोप
वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें इस वेब सीरीज के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि सीरीज में ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अनर्गल, मिथ्या और मनगढ़ंत तथ्य पेश कर समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। तहरीर के मुताबिक, ब्राह्मण समाज सदैव समाज को संस्कार और शिक्षा देने का कार्य करता रहा है, लेकिन कुछ समय से द्वेषपूर्ण भावना के चलते इसे निशाना बनाया जा रहा है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता शर्मा ने कहा कि यह वेब सीरीज समाज को बांटने और वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। इससे न केवल पूरे ब्राह्मण समाज का, बल्कि उनका व्यक्तिगत अपमान भी हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे विघटनकारी तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी धर्म या जाति विशेष की भावनाओं को ठेस न पहुंचाए।
इस मामले में कल अधिवक्ताओं और समाज के प्रबुद्ध लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल न्यू आगरा थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाएगा।

