मथुरा: वृंदावन के रुकमणि विहार गोल चक्कर के पास निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल में शुक्रवार सुबह शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ, जब मजदूर निर्माण स्थल पर शटरिंग के काम में लगे थे। शटरिंग टूटकर गिरने से चार मजदूर उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव शुरू किया। पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
शटरिंग गिरने के बाद चार मजदूर दबे
निर्माण स्थल पर शुक्रवार सुबह मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान शटरिंग का हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा और उसके नीचे चार मजदूर दब गए। हादसे के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों और कर्मचारियों ने तत्काल बचाव का काम शुरू किया। बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने भी राहत कार्य में हिस्सा लिया। चारों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। मलबे से निकाले जाने के समय एक मजदूर की मौत हो चुकी थी। दो अन्य मजदूरों को जिला संयुक्त चिकित्सालय की सौ शैय्या इकाई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौथे मजदूर के सिर में गंभीर चोट बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चार मजदूर दबे थे। सभी को बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने तीन मजदूरों की मौत और एक के घायल होने की पुष्टि की है।
तीन साल से चल रहा था मॉल का निर्माण
जानकारी के मुताबिक, रुकमणि विहार में ओमैक्स की ओर से इस मॉल का निर्माण करीब तीन साल से कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर रोजाना लगभग 50 मजदूर काम करते हैं। हादसे के समय पांच मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से एक मजदूर कुछ देर के लिए वहां से चला गया था, इसलिए वह हादसे की चपेट में आने से बच गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मौके पर राहत-बचाव के साथ पुलिस की कार्रवाई भी जारी रही। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों में पश्चिम बंगाल और नेपाल के मजदूर
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रफ्यूल, शिवराम और आलम के रूप में हुई है। रफ्यूल की उम्र करीब 28 वर्ष थी और वह सीताही, कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। शिवराम की उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है और वह नेपाल के कैलाली जिले के सिमरी जोशीपुर के निवासी थे। तीसरे मृतक आलम की उम्र करीब 30 वर्ष थी और वह भी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। घायल मजदूर की पहचान दिलदार सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, उनके सिर में चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना सुबह करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि साइट पर नाइट शिफ्ट का काम चल रहा था और कई मजदूर वहां तैनात थे। अचानक सटरिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान शिवराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिवराम ने हाल ही में 7 अगस्त से यहां काम शुरू किया था।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
