आगरा: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (SI) पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के सुगम और शुचितापूर्ण संचालन के लिए आगरा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। आगामी 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के मद्देनजर आज सूरसदन प्रेक्षागृह में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
अधिकारियों ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस आयुक्त श्री दीपक कुमार और जिलाधिकारी श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने सभी मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के कड़े निर्देशों से अवगत कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता के साथ किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परीक्षा का शेड्यूल और तंत्र
आगरा नगर में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो दिनों (14 और 15 मार्च) में दो पालियों में संपन्न होगी:
प्रथम पाली: प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
द्वितीय पाली: दोपहर 03:00 बजे से सायं 05:00 तक।
सुरक्षा और निगरानी के लिए प्रशासनिक ढांचे को इस तरह तैनात किया गया है:
28 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 15 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट।
28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 20 आरक्षित स्टेटिक मजिस्ट्रेट।
प्रत्येक केंद्र के लिए पृथक केंद्र व्यवस्थापक।
13 मार्च को होगा रिहर्सल
परीक्षा को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा 13 मार्च 2026 को एक विशेष रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इसमें परीक्षा केंद्र तक प्रश्नपत्र पहुँचाने, एंट्री गेट पर सघन चेकिंग और परीक्षा समाप्ति के बाद ओएमआर शीट/दस्तावेजों के संकलन का अभ्यास किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित रहे ये अधिकारी
सूरसदन में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, नोडल पुलिस अधिकारी हिमांशु गौरव, नोडल प्रशासन अधिकारी यमुनाधर चौहान, कोषाधिकारी सहित तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

