Madhur Bhandarkar is Back: ‘द वाइव्स’ की शूटिंग पूरी, बॉलीवुड ‘स्टार वाइव्स’ की इनसिक्योरिटी और राज खोलेगा मधुर का सिनेमा

Entertainment

मुंबई: ‘चांदनी बार’, ‘पेज 3’ और ‘फैशन’ जैसी कल्ट फिल्मों के जरिए समाज और इंडस्ट्री के काले सच को पर्दे पर उतारने वाले नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर एक बार फिर चर्चा में हैं। मधुर ने अपनी नई फिल्म ‘द वाइव्स’ (The Wives) की शूटिंग आधिकारिक रूप से पूरी कर ली है। इस बार उनका कैमरा बॉलीवुड के ‘स्टार वाइव्स’ की उस रहस्यमयी और इमोशनल दुनिया की ओर मुड़ा है, जो अक्सर सुर्ख़ियों में तो रहती है, लेकिन कभी समझी नहीं जाती।

ग्लैमर के पीछे का संघर्ष

‘द वाइव्स’ केवल चकाचौंध की कहानी नहीं है, बल्कि यह उन रिश्तों की जद्दोजहद है जो फेम, पावर और पब्लिक इमेज के बीच दम तोड़ते या खुद को बचाते नजर आते हैं। फिल्म में सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय, रेजिना कैसेंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारूवाला जैसे सितारों की टोली अपनी अदाकारी के रंग बिखेरेगी।

क्या कहते हैं मधुर भंडारकर?

फिल्म के पूरा होने पर मधुर भंडारकर ने कहा, “‘द वाइव्स’ स्पॉटलाइट से आगे बढ़कर उन निजी जिंदगियों को देखती है, जो अक्सर शोहरत के शोर में दब जाती हैं। यह रिश्तों, महत्वाकांक्षाओं और भावनात्मक संघर्षों की कहानी है, जिसे मैंने पूरी ईमानदारी के साथ कहने की कोशिश की है।”

​एक और सफल कोलैबोरेशन

भंडारकर एंटरटेनमेंट और पीजे मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित यह फिल्म, ‘इंडिया लॉकडाउन’ के बाद मधुर भंडारकर और निर्माता प्रणव जैन की दूसरी बड़ी फिल्म है। निर्माता प्रणव जैन ने इसे एक बोल्ड और गहराई से जुड़ने वाली फिल्म बताया है, जो सार्थक सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए एक ट्रीट होगी।

-अनिल बेदाग/up18news