मुंबई (अनिल बेदाग): मायानगरी मुंबई की चकाचौंध के बीच एक बार फिर रोमांस, ड्रामा और भावनाओं का जादू बड़े पर्दे पर उतरने को तैयार है। टैलेंटेड अभिनेता राज रंजीत और टीवी जगत की चहेती अभिनेत्री युक्ति कपूर की फ्रेश जोड़ी अब अपनी बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “पहली नज़र को सलाम 2” के साथ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म की शूटिंग का आगाज़ एक बेहद खूबसूरत रोमांटिक गाने के साथ हुआ, जहाँ राज और युक्ति की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने सेट पर मौजूद हर शख्स को मंत्रमुग्ध कर दिया।
निर्देशक और लेखक संतोष मिश्रा के विजन से तैयार हो रही यह फिल्म केवल एक साधारण प्रेम कहानी नहीं है। इसे राजनीति की पेचीदा पृष्ठभूमि पर बुना गया है, जो दर्शकों को भावनाओं की एक गहरी और रोमांचक यात्रा पर ले जाएगी।
गौरतलब है कि साल 2017 में आई रीजनल हिट फिल्म “पहली नज़र को सलाम” की जबरदस्त कामयाबी के बाद, अब इसके सीक्वल को बड़े पैमाने पर हिंदी में बनाया जा रहा है। मेकर्स इसे एक पैन-इंडिया (Pan-India) रिलीज़ के तौर पर कई भाषाओं में पेश करने की तैयारी में हैं।
“मैडम सर”, “सिया के राम” और “अग्निफेरा” जैसे हिट शोज़ से घर-घर अपनी पहचान बनाने वाली युक्ति कपूर इस फिल्म में एक सशक्त और प्रेरणादायक भूमिका में नज़र आएंगी। वहीं, राज रंजीत अपने सिग्नेचर ‘रॉ और रियल’ अंदाज़ से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं।
संगीतकार कुणाल मिश्रा के मधुर संगीत और रूह को छू लेने वाले बोलों से सजी यह फिल्म प्रेम, संघर्ष और उम्मीदों का एक अनूठा संगम होगी। “पहली नज़र को सलाम 2” अब महज एक फिल्म नहीं, बल्कि उन फैंस के लिए एक तोहफा है जो लंबे समय से इस सीक्वल का इंतज़ार कर रहे थे।

