कंगना रनौत मामले में फिर टली बहस: सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता नहीं पहुँचीं कोर्ट, अब 16 मार्च को होगी सुनवाई

Entertainment

आगरा। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत से जुड़े एक चर्चित मामले में शुक्रवार को स्थानीय न्यायालय में बहस नहीं हो सकी। कंगना रनौत की सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनसूया चौधरी की अनुपस्थिति के चलते मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई है। कोर्ट ने अब 16 मार्च 2026 की तिथि नियत करते हुए विपक्षी अधिवक्ता को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

विशेष कार्य की व्यस्तता का दिया हवाला

​सुनवाई के दौरान कंगना रनौत की अधिवक्ता अनसूया चौधरी की ओर से स्थानीय अधिवक्ता विवेक शर्मा ने कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इसमें कहा गया कि अधिवक्ता किसी विशेष अपरिहार्य कार्य में व्यस्त होने के कारण आज न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सकी हैं। प्रार्थना पत्र के माध्यम से बहस के लिए किसी अन्य तिथि की मांग की गई और आश्वासन दिया गया कि अगली तारीख पर वे आवश्यक रूप से उपस्थित होकर बहस करेंगी।

वादी पक्ष का तीव्र विरोध: “न्यायालय के आदेश की अवहेलना”

विपक्ष के इस प्रार्थना पत्र पर वादी और वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने लिखित रूप से कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कोर्ट में दलील दी कि विपक्षी अधिवक्ता बार-बार बहस से बचने का प्रयास कर रही हैं, जो न केवल मामले को लटकाने की कोशिश है, बल्कि माननीय न्यायालय के आदेशों की पूर्ण अवहेलना भी है। उन्होंने मांग की कि मामले में अब और ढील न दी जाए।

​कोर्ट में मौजूद रही अधिवक्ताओं की फौज

​आज की सुनवाई के लिए वादी पक्ष पूरी तैयारी के साथ न्यायालय में मौजूद था। रमाशंकर शर्मा के साथ वरिष्ठ अधिवक्ता सुखबीर सिंह चौहान, दुर्ग विजय सिंह, भैया सिंह, राजवीर सिंह, बी.एस. फौजदार, प्रेम कुमार, प्रीति और कोमल सिंह वर्मा सहित कई अन्य अधिवक्ता बहस के लिए डटे रहे।

​16 मार्च को होगी अगली टक्कर

​दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 मार्च की तारीख तय की है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अगली तिथि पर विपक्षी अधिवक्ता को बहस के लिए मौजूद रहना होगा। ताजनगरी के विधिक हलकों में इस मामले को लेकर काफी चर्चा है और सबकी निगाहें अब 16 मार्च को होने वाली जोरदार बहस पर टिकी हैं।