कंगना ने एक बार फिर दिलजीत पर साधा निशाना, कहा- अब देश के साथ गद्दारी की कोशिश महंगी पड़ेगी

Entertainment

उन्होंने फूड डिलीवरी पार्टनर स्विगी इंडिया का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया और सीधे तौर पर दिलजीत की गिरफ्तारी तक की बात कह दी। उनका कहना है कि अब देश के साथ गद्दारी या टुकड़े करने की कोशिश महंगी पड़ेगी।

कंगना रनौत पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के जरिए खालिस्तानियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रही हैं। ऐसे में उन्होंने दिलजीत को भी घसीट लिया है। स्विगी इंस्टामार्ट ने एक फोटो शेयर की, जिसमें तमाम तरह की दाल दिखाई दे रही है। उस पर कैप्शन लिखा है- पल्स आगई पल्स। अब इसी को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने सिंगर को टैग किया। लिखा- दिलजीत दोसांझ पोल्स आगई पोल्स।

कंगना रनौत ने दी चेतावनी

दूसरे पोस्ट में कंगना रनौत ने लिखा है- वो सभी जो खालिस्तानियों का सपोर्ट कर रहे हैं। अगला नंबर तुम्हारा ही है। पोल्स आ चुकी है। ये वो वक्त नहीं है जब कोई भी कुछ भी करता था। देश के साथ गद्दारी या टुकड़े करने की कोशिश अब महंगी पड़ेगी। इसके साथ उन्होंने हथकड़ी और पुलिस का जिफि भी लगाया हुआ था।

पंजाब पुलिस ने की गिरफ्तारी

पंजाब पुलिस द्वारा शनिवार 18 मार्च को अमृतपाल सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान शुरू करने के बाद कंगना ने ये पोस्ट किया है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में अब तक कुल 114 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और ISI एंगल के साथ-साथ विदेशी फंडिंग का संदेह जताया है।

दलजीत को बताया था खालिस्तानी समर्थक

बता दें कि साल 2020 में लुधियाना के कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने दिलजीत पर खालिस्तानियों का समर्थन करने का आरोप लगाया था। हालांकि दिलजीत ने जवाब दिया था- ‘मैं एक इंडियन टैक्सपेयर हूं, जो हमेशा जरूरत के समय देश और पंजाब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है।’

Compiled: up18 News