आगरा: ताजनगरी में वाहन चोरी कर उन्हें काटकर स्पेयर पार्ट्स बेचने वाले एक बड़े अंतरजनपदीय गिरोह का थाना जगदीशपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने गैंग के तीन शातिर सदस्यों—अरमान, वसीम और आमिर अली को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी के 5 वाहन (दो स्कूटी, एक बुलेट व दो मोटरसाइकिल) और गाड़ियों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
सुनसान जगहों की रेकी कर मास्टर चाबी से खोलते थे लॉक
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां गाड़ियां लंबे समय तक सुनसान या बिना निगरानी के खड़ी रहती थीं। मौका मिलते ही मास्टर चाबियों की मदद से लॉक खोलकर वाहन पार कर देते थे।
पहचान मिटाने और मोटी कमाई के लिए चोरी किए गए वाहनों को गुप्त ठिकानों पर ले जाकर काट दिया जाता था और उनके कीमती पुर्जे बाजार में बेच दिए जाते थे। गिरोह का नेटवर्क आगरा के अलावा अलीगढ़ और बुलंदशहर तक फैला हुआ था।
आवास विकास, सदर और फतेहपुर सीकरी से कबूली चोरी
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने आवास विकास क्षेत्र से दो स्कूटी, सदर थाना क्षेत्र से एक बुलेट और फतेहपुर सीकरी से मोटरसाइकिल चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पांचों गाड़ियां और उन्हें काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व पार्ट्स जब्त कर लिए हैं।
कबाड़ी के जरिए खपाते थे पार्ट्स, अरमान पर 25 मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आमिर अली खुद कबाड़ी का काम करता है, जबकि फरार आरोपी शानू भी कबाड़ी है। चोरी की गाड़ियों को काटने और उनके पार्ट्स बाजार में खपाने में कबाड़ियों का संगठित सिंडिकेट काम कर रहा था। पुलिस अब उन दुकानों और लोगों की जांच कर रही है जो इन चोरी के पार्ट्स को खरीदते थे।
आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी अरमान बेहद शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से 25 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वसीम और आमिर के खिलाफ भी 5-5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में शामिल तीन अन्य सदस्य—फैजान, समीर और शानू फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


