मॉस्को में हुए आतंकी हमले को लेकर दुनिया भर में आक्रोश, भारत ने भी दी प्रतिक्रिया

INTERNATIONAL

क्या कहा भारत ने?

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रूस की राजधानी मॉस्को में हुए इस बड़े आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि “रूस में हुए इस आतंकी हमले की निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं इस हमले में मारे गए लोगों के परिजनों और हताहत हुए लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।”

इधर अमेरिका ने कहा कि रूस पर हमले को लेकर रूस को पहले ही चेता दिया गया लेकिन बावजूद उसके रूस ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।

क्या कहा UN ने?

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रवक्ता फरहान हक ने इस हमले को लेकर कहा कि “संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस (António Guterres) ने मॉस्को पर हुए ISIS के इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। गुटेरेस शोक संतप्त परिवारों, लोगों और रूसी संघ की सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इसके अलावा परिषद (UNSC) भी इस कायरता से भरे हमले की कड़े शब्दों में आलोचना करता है। सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने आतंकवाद के इस तरह के कृत्यों के अपराधियों, आयोजकों, इन्हें पैसा देने वालों और प्रायोजकों को जवाबदेह ठहराया और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने की जरूरत पर जोर दिया।”

क्या कहा यूक्रेन ने?

रूस के मॉस्को में हुए ISIS के इस हमले (ISIS Attack in Moscow) को लेकर सबसे पहले रूस ने यूक्रेन पर ही आरोप लगा दिए थे। रूस ने कहा था कि ये हमला यूक्रेन ने कराया है। रूस ने ये आरोप लगाया तो यूक्रेन (Ukraine) का तुरंत जवाब भी आ गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के सलाहकार मायखाइलो पोडोल्याक ने कहा कि “उनका देश कभी किसी आतंकी गितिविधियों में शामिल नहीं रहा ना ही कभी आतंकवाद का इस्तेमाल किया। इस बारे में सीधी बात कर लेते हैं यूक्रेन का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। रूसी सेना और एक देश के रूप में रूसी संघ के साथ हमारा चौतरफ़ा युद्ध चल रहा है और हर चीज़ की परवाह किए बिना सब कुछ युद्ध के मैदान पर तय किया जाएगा।”

क्या कहा अमेरिका ने?

रूस पर इस हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) का कोई आधिकारिक बयान तो नहीं आया है लेकिन व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि “हमले की तस्वीरें बहुत ही भयानक हैं और उन्हें देखना कठिन है। हमारी संवेदनाएं स्पष्ट रूप से इस भयानक, भयावह गोलीबारी हमले के पीड़ितों के साथ हैं।”

वहीं व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता ने न्यूज़ एजेंसी स्पुतनिक को बताया है कि इस हमले को लेकर अमेरिकी और रूसी अधिकारियों के बीच कोई संपर्क नहीं है। ना ही बाइडेन और पुतिन (Vladimir Putin) के बीच फोन कॉल का कोई शेड्यूल है। बता दें अमेरिका ने दो हफ्ते पहले ही रूस को इस आतंकी हमले के बारे में चेता दिया था बावजूद इसके रूस ने अमेरिका से इस बारे में कोई बातचीत की ना ही अधिकारियों से कोई संपर्क बनाया और ना ही अपनी सुरक्षा को चौकस किया। ऐसे में अमेरिका रूस से और भी ज्यादा नाराज़ हो गया है।

क्या कहा फ्रांस ने?

रूस पर ISIS के हमले को लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैंक्रो (Emmanuel Macron) ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने इस हमले की निंदा की है। फ्रांस इस हमले के पीड़ितों, उनके प्रियजनों और सभी रूसी लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करता है।”

क्या कहा अफगानिस्तान ने?

पाकिस्तानी सेना पर वुल्फ अटैक कर उनके 7 जवानों को मारने वाले अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार (Afghanistan) ने भी इस हमले की निंदा की है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बाल्खी ने कहा कि “तालिबानी प्रशासन इस हमले का पुरजोर विरोध करता है काबुल इसे सभी मानवीय मानकों का घोर उल्लंघन मानता है।”

क्या कहा जर्मनी ने ?

जर्मनी (Germany) ने भी इस हमले का विरोध किया है। जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने कहा “मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में निर्दोष लोगों पर हुए भयानक हमले की तस्वीरें भयावह हैं। इसका कारण जल्द साफ किया जाना चाहिए। हमारी हमले पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है।”

इसके अलावा ISIS के मॉस्को में किए इस हमले पर वेनेजुएला, क्यूबा, इटली, जापान जैसे देशों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और इस हमले की निंदा की है।

-एजेंसी