मथुरा: सरकार की नीतियों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने किया चक्का जाम का एलान

Press Release

मथुरा: सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने 31 जुलाई को चक्का जाम करने का एलान किया है। मथुरा में हुई एक बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले होने वाले आंदोलन की रूप रेखा तैयार की गई एवं कार्यकर्ताओ को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के आगामी अधिवेशन को लेकर भी मंथन किया गया। इस मौके पर बीकेटीयू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं को 31 जुलाई को होने वाले चक्का जाम से पहले गांव गांव जाकर जन जागरण अभियान एवं सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिया। उनका कहना था कि सरकार किसानो का शोषण कर रही है, सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ सभी किसान संगठन एक जुट होकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले मथुरा में चक्का जाम करेंगे।

वही मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह परिहार का कहना था कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा में तीन दिवसीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए समस्त कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। इस महाअधिवेशन से पहले व्यापक पैमाने पर सदस्यता अभियान चला कर संगठन विस्तार किया जाएगा।

इस मौके पर जगदीश परिहार, राम कुमार चौधरी, गजेंद्र गांवर, द्रोणाचार्य कुंतल, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।

-up18news