यूपी के कासगंज में लव मैरिज करने की जिद पर अड़ी शिक्षिका बेटी की शिक्षक पिता ने गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को कर लिया शूट

Crime

उत्तर प्रदेश के कासगंज ( Kasganj ) जिले में बेटी की लव मैरिज करने की जिद से आक्रोशित शिक्षक पिता ने शिक्षिका बेटी को गोली मार दी। इसके बाद खुद को शूट कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।

घटना कासगंज शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी की है। यहां के निवासी नरेंद्र सिंह यादव (55) शेरवानी इंटर कॉलेज में शिक्षक के पद पर तैनात थे। वह अपनी बेटी और पत्नी शशिप्रभा के साथ रह रहे थे। उनकी बेटी जूही (26) सोरोंजी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय, मिर्जापुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी।

शशिप्रभा ने बताया कि बेटी एक लड़के से प्रेम करती थी। वह इसी से शादी करने की जिद पर अड़ी पर थी। जबकि नरेंद्र इसका विरोध कर रहे थे। लेकिन नौकरी मिलने के बाद से बेटी हमारी कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह उसी लड़के से शादी करने की जिद कर रही थी। शनिवार को भी बेटी और पिता के बीच शादी की बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

बताया कि कहासुनी के दौरान बात बढ़ती गई। इसी बीच पिता इतने आक्रोशित हुए कि कमरे में गए और रायफल निकाल लाए। इससे पहले कि मैं दोनों को अलग कर पाती उन्होंने बेटी पर रायफल तानी और फायर कर दिया। गोली बेटी के सीने को भेद गई और वह वहीं गिर गई। इसके बाद उन्होंने रायफल की नाल खुद पर लगाई और ट्रिगर दबा दिया।

बताया कि दोनों लोग खून से लथपथ होकर वहीं गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कासगंज एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आवास विकास में शिक्षक द्वारा बेटी और खुद को गोली मारने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली। प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग से आहत होकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। घटनास्थल का मुआयना करने साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच की जा रही है।

जनपद के थाना कासगंज क्षेत्रांतर्गत आवास विकास कालोनी में पिता द्वारा अपनी बेटी को गोली मारकर खुद को गोली मारने के संबंध में पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री सौरभ दीक्षित द्वारा दी गई बाइट।