आगरा में भी यमुना हुई लबालब, किनारे की कॉलोनियों में मुनादी कराने की तैयारी

स्थानीय समाचार

आगरा, 12 जुलाई। हरियाणा से लगातार पानी छोड़े जाने और बारिश के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार गया है। ताजनगरी में भी इसका स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। आगरा में यमुना का जलस्तर अभी 485 फीट है। हथिनी कुंड से आ रहे पानी के चलते 14 जुलाई तक यह जलस्तर 493 फीट पहुंच सकता है।

आगरा में यमुना का बाढ़ का न्यूनतम स्तर 495 फीट है जबकि अधिकतम बाढ़ का निशान 508 फीट पर है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियन्ता शरद सौरभ गिरी का अनुमान है कि 14 जुलाई तक जलस्तर बढ़ेगा। जिले में घाटों पर यमुना लबालब दिखाई दे रही है। प्रशासन यमुना जलस्तर पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। यमुना के किनारे की कॉलोनियों में मुनादी कराने की तैयारी है। घाटों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। लोगों को यमुना नदी में उतरने से भी रोका जा रहा है।

दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार तक दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 207.78 मीटर तक था जो कि 1978 में नदी का जलस्तर 207.49 मीटर तक पहुंची थी।